
Angioplasty (Photo Source - Patrika)
MP News: भोपाल में एंजियोप्लास्टी के बाद सागर की महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन ने कलेक्टर से शिकायत की। इतवारी वार्ड निवासी जतिन जैन ने अपनी माता ज्योति जैन की मृत्यु के लिए भोपाल के गायत्री सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉ. मोहित जैन को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जतिन जैन ने बताया कि 20 अप्रेल को ज्योति जैन सामान्य जांच व एंजियोग्राफी के लिए अस्पताल गई थीं, जहां स्थिति स्थिर थी। एंजियोग्राफी के बाद डॉ. मोहित जैन ने हृदय की नस में गंभीर ब्लॉकेज बताकर तत्काल एंजियोप्लास्टी की सलाह दी।
परिवार का आरोप है कि उन्हें हैदराबाद जैसे अन्य शहर में इलाज का विकल्प नहीं दिया गया और प्रक्रिया के लिए तुरंत दबाव बनाया गया। शिकायत में कहा गया है कि एंजियोप्लास्टी के दौरान ज्योति जैन की स्थिति अचानक बिगड़ गई। ऑपरेशन थिएटर के बाहर परिजनों ने अंदर से चीखने की आवाज सुनी, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। करीब दो घंटे तक परिवार को मरीज की स्थिति की कोई जानकारी नहीं दी गई। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि प्रक्रिया के दौरान नस में गंभीर क्षति हुई, जिसके कारण एक के बजाय तीन स्टंट लगाने पड़े। परिजनों का यह भी आरोप है कि मरीज को सीपीआर दिया गया, लेकिन इसकी सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई।
ऑपरेशन के बाद भी ज्योति जैन लगातार दर्द, उल्टी और बेचैनी से जूझती रहीं। परिजनों के बार-बार अनुरोध के बावजूद उन्हें किसी बड़े अस्पताल में रेफर नहीं किया गया और डॉ. मोहित जैन स्थिति को सामान्य बताते रहे। परिवार ने निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड गठित करने, सभी चिकित्सा दस्तावेजों की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर डॉ. मोहित जैन का लाइसेंस निरस्त करने व सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में जब पत्रिका ने गायत्री सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की तो उनसे बात नहीं हो पाई।
एंजियोप्लास्टी (Angioplasty) एक न्यूनतम चीर-फाड़ वाली चिकित्सा प्रक्रिया है, जिसका उपयोग हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज या संकुचन को ठीक करने के लिए किया जाता है। इस प्रक्रिया में एक पतली नली (कैथेटर) और गुब्बारे का उपयोग करके अवरुद्ध धमनी को चौड़ा किया जाता है, जिससे हृदय तक रक्त का प्रवाह सामान्य हो सके।
इस प्रक्रिया का उद्देश्य कोरोनरी आर्टरी डिजीज के कारण हृदय की नसों में जमा प्लाक (कोलेस्ट्रॉल और वसा) को साफ कर रक्त संचार को सुगम बनाना होता है।यह मुख्य रूप से हार्ट अटैक के दौरान या गंभीर सीने के दर्द (angina) के इलाज के लिए किया जाता है।
Published on:
29 Apr 2026 12:18 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
