29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी के एयरपोर्ट से उड़ेंगे ए-320 जैसे बड़े विमान, जल्द शुरु होगा प्रोजेक्ट

Rewa Airport- रीवा एयरपोर्ट के करें उन्नयन के करें प्रयास : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य होगा जो संपूर्ण विंध्य अंचल के लिए लाभकारी सिद्ध होगा

2 min read
Google source verification
Large Aircraft Like the A-320 to Take Off from the Airport

Large Aircraft Like the A-320 to Take Off from the Airport (फाइल फोटो- पत्रिका)

Rewa Airport- मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए नागरिक विमानन नीति-2025 लागू की गई है। इसके अंतर्गत हवाई यात्राओं के विकास और माल ढुलाई के कार्य को तेज, सस्ता और सुगम बनाने के लिए कई काम किए जा रहे हैं। नीति के तहत घरेलू मार्ग के लिए 10 लाख रुपए और अंतर्राष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। एयर कार्गो लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं के लिए भी 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। इसी क्रम में प्रदेश के नवनिर्मित रीवा एयरपोर्ट पर सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। इसका अपग्रेडेशन कर एयरपोर्ट को ए-320 जैसे बड़े विमानों की उड़ान के लायक विकसित किया जा रहा है।

पिछले माह रीवा एयरपोर्ट से रायपुर की विमान सेवा प्रारंभ की गई। अलायन्स एयर की सप्ताह में तीन दिन की रीवा से रायपुर उड़ान का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय भोपाल से वर्चुअली किया था। उन्होंने तब कहा था कि आने वाले समय में रीवा एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य होगा जो संपूर्ण विंध्य अंचल के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

सीएम मोहन यादव की इस घोषणा पर अमल भी शुरु हो गया है। अब रीवा एयरपोर्ट के विस्तार की कवायद प्रारंभ कर दी गई है। रनवे को ऐसा बनाया जा रहा है ताकि यहां से ए-320 एवं अन्य बड़े विमानों का हो परिचालन भी संभव हो सके।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रमुख अधिकारियों की बैठक बुलाई। इसमें विमानन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित हुए। मंत्रालय में आयोजित इस अहम बैठक में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने
कहा कि रीवा सहित समस्त विंध्य क्षेत्र तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। यहां के संसाधनों और क्षमताओं के अनुरूप अधोसंरचना का भी भविष्योनुमुखी विस्तार किया जा रहा है। रीवा को नवीन गंतव्यों से हवाई मार्ग से जोड़ने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

विमानन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रीवा एयरपोर्ट के विस्तार के प्रयास किए जाएं। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने एयरपोर्ट के विस्तार की कार्ययोजना की जानकारी दी।

भविष्य में रीवा एयरपोर्ट से बड़े विमानों का परिचालन संभव होगा

अधिकारियों ने बताया कि रीवा एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार एवं अन्य आवश्यक तकनीकी उन्नयन किया जाएगा। विस्तार के बाद भविष्य में रीवा एयरपोर्ट से बड़े विमानों का परिचालन संभव होगा। यहां से A -320 एवं अन्य बड़े विमान उड़ान भर सकेंगे। बैठक में विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल, विमानन आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला एवं विमानन अपर सचिव धरणेन्द्र कुमार जैन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।