भोपाल

सीएम मोहन यादव की मंत्रियों को दो टूक, मंत्रालय में अधिकारियों की लगी क्लास

MP News: सरकार विधानसभा सत्र की तैयारियों में जुट गई है। सोमवार को कैबिनेट बैठक से पहले चर्चा में उक्त विषय पर विस्तार से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से बात की। वहीं प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है, लेकिन कई जिलों में कार्यक्रम न होने की शिकायतों पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने मंत्रालय में अधिकारियों की क्लास ली।
2 min read
Nov 11, 2025
MP News CM Mohan Yadav
MP News CM Mohan Yadav (फोटो सोर्स : @DrMohanYadav51)

MP News: सरकार विधानसभा सत्र की तैयारियों में जुट गई है। सोमवार को कैबिनेट बैठक से पहले चर्चा में उक्त विषय पर विस्तार से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव(CM Mohan Yadav) ने मंत्रियों से बात की। कहा कि सरकार हर वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग समेत हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं। विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष यदि झूठी दलीलें देता है तो अपने-अपने विभागों में किए विकास के कामों का आईना दिखाने में पीछे न रहें।

सीएम डॉ. यादव ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पखवाड़े पर होने वाले कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा, जबलपुर और आलीराजपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जबलपुर में होने वाले आयोजन में वर्चुअली शामिल होंगे। तैयारियों को लेकर भी समीक्षा की गई।

कैबिनेट में इन पर भी सरकार ने की चर्चा

भावांतर की राशि 13 को देंगे: मुख्यमंत्री(CM Mohan Yadav) ने मंत्रियों को बताया कि भावांतर योजना के तहत मॉडल रेट अब रोज निकाल रहे हैं, जो किसान अब तक उपज बेच चुके हैं, उन्हें सोयाबीन के मॉडल रेट व समर्थन मूल्य के बीच के अंतर की राशि 13 नवंबर को देवास से देंगे।

समाधान योजना का दिलाएं लाभ: सीएम ने कहा, बिजली उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने समाधान योजना शुरू की है। उन्होंने मंत्रियों को टारगेट देते हुए लोगों को लाभ दिलाने को कहा।

क्रांति गौड़ को 1 करोड़ रुपए देगी सरकार: वर्ल्डकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ को जनजातीय गौरव दिवस पर जबलपुर में सीएम 1 करोड़ रुपए देंगे।

31 मार्च 2026 तक नक्सल पर पूर्ण नियंत्रण: 14 लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली सुनीता ने समर्पण कर दिया है, जिस पर भी चर्चा हुई। सीएम ने कहा, गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 31 मार्च 2026 तक नक्सल पर पूर्ण नियंत्रण पाना है।

पत्रिका की खबर के बाद विभागों की क्लास

प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है, लेकिन कई जिलों में कार्यक्रम न होने की शिकायतों पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सोमवार को मंत्रालय में अधिकारियों की क्लास ली। उन्होंने जनजातीय कार्य विभाग के अफसरों से सख्ती से पूछा, आयोजन किए हैं तो दिख क्यों नहीं रहे?ऽ जवाब न मिलने पर कई अफसर चुप रह गए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पखवाड़े का उद्देश्य शत-प्रतिशत पूरा होना चाहिए। बता दें, पत्रिका ने 10 नवंबर के अंक में ‘गौरव के नौ दिन बीते, मंत्री-कलेक्टरों की वजह से कई जगह आयोजन रीते’ खबर प्रकाशित कर लापरवाही का मुद्दा उठाया था।

सीएस ने दिए ये भी निर्देश

सीएस ने कहा, हर जिले, विकासखंड और ग्राम पंचायत में गौरव दिवस मनाया जाए। बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों का समान कार्यक्रम हों। योजनाओं, नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई जाए। विद्यार्थी, कलाकार और समाज के मुखियाओं का समान और योजनाओं पर फोकस करें।

Updated on:
11 Nov 2025 08:59 am
Published on:
11 Nov 2025 08:59 am