भोपाल

किसानों से जमीन अधिग्रहण पर करेंगे संवाद, सीएम का बड़ा बयान ‘ग्लोबल स्पिरिचुअल सिटी’ होगा तैयार

MP News: जमीन अधिग्रहण पर किसानों के विरोध को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर दिया साथ, बताया सिंहस्थ की तैयारियां कैसे होंगी पूरी...

2 min read
Sep 16, 2025
CM Mohan Yadav's statement regarding Land Pooling Act in MP

MP News: उज्जैन में लैंड पुलिंग को लेकर टकराव के बीच पहली बार सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों से संवाद जारी है। आगे भी करेंगे। किसी को नाराज नहीं किया जाएगा। यह भी कहा, सिंहस्थ में स्थाई निर्माण पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी जोर दिया है।

सीएम का बयान ऐसे समय आया है जब सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषांगिक संगठन भारतीय किसान संघ ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिलों में पीएम व सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा है। इसमें भूमि अधिग्रहण का विरोध प्रमुख है। मंगलवार को उज्जैन में ट्रैक्टर रैली के दावे किए हैं। इसमें किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्रा शामिल होंगे। बता दें कि किसान संघ ने ही सिंहस्थ के लिए किसानों से स्थाई निर्माण के लिए जमीन लेने पर आपत्ति दर्ज कराई है।

जरूरी है स्थाई अधोसंरचनात्मक काम

सीएम ने कहा है कि हजारों साधु-संतों और करोड़ों श्रद्धालुओं को सिंहस्थ में अच्छी सुविधा देने के प्रयास हैं। कोई कमी न हो, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले अनुभवों के आधार पर अधोसंरचानत्मक काम जरूरी हैं, ताकि वर्षा-आंधी की स्थिति में मेले में व्यवधान पैदा न हो। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि ऐसे बड़े आयोजन में जमीन की जरूरत होती है।

ग्लोबल स्पिरिचुअल सिटी के रूप में विकसित होगा उज्जैन

यह भी दोहराया कि सिंहस्थ के आयोजन में हमेशा से स्थानीय किसानों ने कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया है। सिंहस्थ 2016 के दौरान लगभग 650 करोड़ की लागत से 3000 हेक्टेयर भूमि पर अस्थाई अधोसंरचना निर्माण कार्य किए गए थे, जिन्हें आयोजन बाद हटा दिया था। सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन को ग्लोबल स्पिरिचुअल सिटी के रूप में विकसित करने की कल्पना है।

समाजों, अखाड़ों का भी समर्थन

उज्जैन में मंगलवार को किसान ट्रैक्टर रैली का कई समाजों व अखाड़ों ने समर्थन किया है। इसमें आंजना महासभा, अखाड़ा परिषद आदि शामिल हैं। 1000 ट्रैक्टरों के साथ किसानों के शामिल होने की संभावना है। किसानों के हितों से समझौता नहीं करेंगे। अधिकारी दबाव बना रहे हैं कि जमीन नहीं लेंगे तो सिंहस्थ नहीं हो सकता। यदि ऐसा ही है तो किसान संघ ने कहा है कि वे सिंहस्थ कराने में आगे आएंगे।

- राघवेंद्र सिंह पटेल, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख, भारतीय किसान संघ

Published on:
16 Sept 2025 02:19 pm
Also Read
View All