भोपाल

MP Police Bharti: पुलिस के 9,662 पदों पर भर्ती का आदेश जारी, युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी

mp police recruitment- मध्यप्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दे दी है। कांस्टेबल, ड्राइवर, सब इंस्पेक्टर और अन्य पदों पर भर्ती होगी।
2 min read
Jul 23, 2026
Madhya Pradesh Police Bharti
mp police recruitment- मध्यप्रदेश में जल्द होगी पुलिस में भर्ती। आदेश जारी। (फोटो-पत्रिका)

Madhya Pradesh Police Bharti- मध्यप्रदेश पुलिस में जाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह अच्छी खबर आई है। राज्य सरकार ने 9 हजार 662 पदों पर भर्ती निकालने के आदेश जारी कर दिए हैं। तीन दिन पहले ही सीएम मोहन यादव ने पदोन्नति अभियान के तहत 25 हजार पदों पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भर्ती के लिए कहा था।

एमपी पुलिस में भर्ती का इंतजार अब युवाओं के लिए खत्म होने जा रहा है। मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने 9 हजार 662 पदों पर भर्ती का आदेश जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य में पुलिस में पदोन्नति की प्रक्रिया भविष्य में भी निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पदोन्नति से शेष अधिकारियों, कर्मचारियों को चक्रीय क्रम में पदोन्नत करने के आदेश भी सितंबर माह में जारी करने के निर्देश दे दिए हैं।

पहले चरण में 9 हजार 662 पद

मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने पुलिस के विभिन्न इकाइयों में तृतीय श्रेणी के पदों पर सीधी भर्ती के अराजपत्रित सूबेदार (अ) शीघ्र लेखक के 135 पद और सहायक उपनिरीक्षक (अ) के 520 पद, इस तरह 655 पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रशासकीय स्वीकृति के लिए आदेश जारी किया है।

सूबेदार, सब इंस्पेक्टर की भी भर्ती

इसी तरह एक अन्य आदेश में अराजपत्रित सूबेदार के 81 पद, उपनिरीक्षक (जिला पुलिस बल) के 312 पद, उपनिरीक्षक (विसबल) के 69 पद, उपनिरीक्षक (क्यूडी) के 04 पद, उपनिरीक्षक (अंगुल चिन्ह) के 22 पद, उपनिरीक्षक (आयुध) के 10 पद, उपनिरीक्षक फोटो के 09 पद, इस प्रकार 507 पदों पर सीधी भर्ती के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है।

7500 आरक्षकों की भर्ती

राज्य शासन की ओर से सर्वाधिक पद तृतीय श्रेणी के सीधी भर्ती के आरक्षक (जीडी) की नियुक्ति के लिए स्वीकृत किए गए हैं। 7500 पदों को स्वीकृत कर आदेश जारी किए गए हैं। गृह विभाग ने एक अन्य आदेश में तृतीय श्रेणी के सीधी भर्ती के आरक्षक (चालक) के 1000 पदों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

18 हजार पद भरे जाएंगे, बनाएंगे देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस में 18 हजार पद भरे जाने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में स्वीकृत 9662 पदों के अलावा शेष आदेश भी शीघ्र जारी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि गत वर्ष 8500 पदों की स्वीकृति के पश्चात् इस वर्ष पदों की स्वीकृति का महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुआ है। मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। प्रदेश से नक्सलवाद खत्म होने के बाद विकास के कार्यों में भी पुलिस बल की रचनात्मक भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।

Updated on:
23 Jul 2026 06:16 pm
Published on:
23 Jul 2026 06:11 pm