
MP Police Recruitment :मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में वर्षा 2028 में सिंहस्थ होना है। इसे लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। साथ ही, कानून व्यवस्था को भी मद्देनजर रखते हुए आगामी 3 वर्षों में पुलिस विभाग में प्रदेशभर में 22500 पदों पर भर्ती करेगा। हालांकि, अबतक पुलिस डिपार्टमेंट में कर्मचारी चयन मंडल भर्ती करता है, लेकिन मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि, जल्द ही मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए अब 'मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड' गठित किया जाएगा और यही बोर्ड पुलिस भर्तियां करेगा। इससे पुलिस भर्ती में तेजी, पारदर्शिता और परफेक्शन आएगा।
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि, साल 2025 के लिए पुलिस में स्वीकृत पदों की भर्ती 'मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड' की ओर से 'कर्मचारी चयन मंडल' करेगा। साल 2026 से ये भर्तियां 'पुलिस भर्ती बोर्ड' द्वारा ही की जाएंगी। यही नहीं, हर साल पुलिस के रिक्त 7500 पदों पर भर्ती की जाएगी। ऐसे में तीन वर्षों के दौरान 22500 पदों को भरा जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ये भी कहा कि, गृह विभाग से जुड़ी सभी सेवाओं के आधुनिकीकरण और भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए शीघ्र ही गृह एवं वित्त विभाग की संयुक्त बैठक कर सभी लंबित मामलों का पूरी तरह समाधान किया जाएगा।