
MP Rajya Sabha Bypoll: मध्यप्रदेश में इस वक्त उपचुनाव का घमासान तेज होता नजर आ रहा है। पिछले दिनों भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया था। इस एक सीट पर हो रहे चुनाव में सोमवार को मुकाबला दिलचस्प हो गया है, क्योंकि कांग्रेस ने भी निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर राजनीति गर्मा दी है। हालांकि इनसे पहले दो नेता और हैं जिन्होंने इस उपचुनाव में ताल ठोंकी है।
मध्यप्रदेश में राज्यसभा के उपचुनाव में एक सीट पर मतदान होना है। यहां राजकुमार लोहानी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सोमवार को नामांकन जमा किया। लोहानी के साथ ही कांग्रेस के विधायक हेमंत कटारे, भोपाल उत्तर से कांग्रेस विधायक आतिफ अकील भी मौजूद थे। इन्हें कांग्रेस ने अपना समर्थन देकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। राजकुमार लोहानी भोपाल के सामाजिक कार्यकर्ता हैं और उनका जन्म 1959 में भोपाल में ही हुआ था। वे किसी पार्टी से जुड़े नहीं थे, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उन्हें समर्थन दिया है। इसी सिलसिले में कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने उनके साथ विधानसभा पहुंचकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करवाई। हायर सेकंडरी तक पढ़े लिखे लोहानी शहर में सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं।
इससे पांच माह पहले मध्यप्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा की ओर से भोपाल के रजनीश अग्रवाल, महेश केवट, पंजाब के तरुण चुग को उम्मीदवार बनाया था, जो राज्यसभा पहुंच गए।
केंद्रीय राज्यमंत्री रहे एल मुरुगन पहले मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद थे। उन्होंने हाल ही में केंद्रीय मंत्री पद और ाज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट खाली हो गई थी। हालांकि मुरुगन का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। इस पर भाजपा ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। वे वर्तमान में मोदी सरकार में पेट्रोलियम मंत्री भी हैं। 74 साल के हरदीप सिंह पुरी का मुकाबला अब निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी से होगा।
इससे पहले मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के एक अतिथि शिक्षक ने भी हरदीप पुरी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। वहीं हैदराबाद के एक समाजसेवी ने भी भोपाल पहुंचकर नामांकन दाखिल किया था। बैतूल के अतिथि शिक्षक हरिपाल बिहारे ने राज्यसभा का नामांकन खरीदा था, वहीं हैदराबाद के कांते सैयान्ना ने नामांकन भर दिया था। ऐसी स्थिति में अब मुकाबला दिलचस्प हो गया है।