
छोला मंदिर थाना (फोटो सोर्स: Patrika File)
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले मालीखेड़ी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि, इलाके में स्थित एक घर के अंदर एक ही परिवार के चार सदस्यों की लाशें मिली है। जबकि, घर के मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। घटना के चलते इलाके में सनसनी फैल गई है। इधर, जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले को संज्ञान में लिया है।
शुरुआती तौर पर ये सनसनीखेज मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल, ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि, मामला सामूहिक आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण अथवा हत्या की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आधिकारिक पुष्टि और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि, मरने वाले पांचों लोग एक ही परिवार के हैं। इनमें से चार लोगों के शव तो घर के अंदर मिले है, जबकि परिवार के मुखिया का शव कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक पर मिला है। संभावना जताई जा रही है कि, शख्स ने पहले परिवार के चारों लोगों की धारदार हथियार से हत्या की, इसके बाद ट्रेन के सामने आकर जान दी है।
परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू की लाश थाना सूखी सेवनिया इलाके के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिली है। सूत्रों की माने तो पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि, 35 वर्षीय नरेंद्र साहू ने अपने दो बच्चों पत्नी और बुजुर्ग की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की है। मृतकों में नरेंद्र साहू की मां 50 वर्षीय सरस्वती साहू, 29 वर्षीय पत्नी सोमलता साहू, 10 वर्षीय बेटी कृति साहू और 6 वर्षीय बेटा खुश साहू शामिल हैं।
Updated on:
2 Nov 2026, 4:03 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 1:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.