भोपाल

एमपी में शहरी विकास को मिलेगी नई रफ्तार, इंदौर में होगी अर्बन कॉन्क्लेव-2026

MP Urban Conclave 2026 : एमपी में इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश को बढ़ाने के लिए सीएम मोहन यदव ने नई पहल की है। इसके तहत इंदौर में अर्बन कॉन्क्लेव-2026 होगी। 28 अक्टूबर को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में भव्य आयोजन होगा।
2 min read
MP Urban Conclave 2026
इंदौर में होगी अर्बन कॉन्क्लेव-2026 (फोटो सोर्स: Mohan Yadav Facebook)

MP News :मध्य प्रदेश में शहरी विकास को नई रफ्तार देने और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 28 अक्टूबर को सूबे के आर्थिक शहर इंदौर में अर्बन कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन होने जा रहा है। शहर में स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होने वाले इस आयोजन में शहरी विकास के नए मॉडल, निवेश की संभावनाओं, डिजिटल गवर्नेंस, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की शहरी जरूरतों पर विशेषज्ञों, निवेशकों, स्टार्टअप्स और सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा की जाएगी।

बता दें कि, कॉन्क्लेव के दौरान सीएम मोहन यादव निवेशकों से सीधी चर्चा करेंगे। इसमें नगरीय क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं, प्रस्तावित परियोजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श होगा। इस दौरान सीएम यादव अलग - अलग परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए नगरीय विकास से जुड़े कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे।

टियर-2 शहरों के डेवलपमेंट पर फोकस

कॉन्क्लेव के दौरान टियर-2 शहरों के सुनियोजित विकास के लिए खास सत्र आयोजित होगा, जिसमें परिवहन आधारित विकास (टीओडी), ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (टीडीआर), आवासीय पुनर्विकास, मास्टर प्लान, विकास गलियारों, रेरा स्वीकृतियों और फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) जैसे विषयों पर अहम चर्चा की जाएगी। इसका मकसद भूमि का बेहतर इस्तेमाल, आवासीय सुविधाओं में सुधार और परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

डिजिटल गवर्नेंस और पर्यावरण संरक्षण पर किया जाएगा मंथन

कार्यक्रम में डिजिटल गवर्नेंस, जीआईएस आधारित नियोजन, ऑनलाइन विकास अनुमति और स्वचालित भवन अनुज्ञा अनुमोदन प्रणाली जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा जल सुरक्षा, जलवायु अनुकूल शहर, सिटी फॉरेस्ट, इलेक्ट्रिक वाहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे से ऊर्जा उत्पादन और कंप्रेस्ड बायोगैस जैसी पहल पर विशेषज्ञ अपने-अपने विचार रखेंगे।

सिंहस्थ-2028 के लिए टारगेट सेट

इस बार प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में होने जा रहे सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय तीर्थ नगरी के विकास पर खास सत्र होगा। इसमें जरूरी अधोसंरचना, परियोजनाओं के वित्तपोषण, टेंपल बॉन्ड, सीएसआर, डिजिटल ट्विन मॉडलिंग और विकास कार्यों की क्रियान्वयन योजना पर विचार होगा। इसमें बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन, यातायात और आयोजन व्यवस्था पर भी चर्चा की जाएगी।

निवेशकों और युवाओं से अपील

कॉन्क्लेव में शहरी परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी), ग्रीन बॉन्ड, म्युनिसिपल बॉन्ड, अर्बन चैलेंज फंड और अन्य विकल्पों पर भी चर्चा होगी। सौर ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश की संभावनाओं पर विचार होगा। इसपर नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे का कहना है कि, आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में निवेश, नवाचार, आधुनिक तकनीक और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है। इसके लिए निवेशकों, स्टार्टअप्स और युवाओं को भी सहभागिता निभाने की अपील की गई है। इसके लिए इच्छुक प्रतिभागी ugconclave.mp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन भी कर सकते हैं।

Updated on:
13 Oct 2026 04:02 pm
Published on:
13 Oct 2026 03:50 pm