लगातार सामने आईं खबरों के बाद पीईबी ने अलग से परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। परीक्षा भोपाल में होगी।
भोपाल। जिन अभ्यर्थियों के पटवारी भर्ती परीक्षा में फिंगर प्रिंट का (अंगूठे के निशान) मिलान नहीं हो सका था, उन्हें व्यापमं परीक्षा में शामिल होने का एक और मौका देने जा रहा है। यह परीक्षा व्यावसायिक परीक्षा मंडल (पीईबी) द्वारा हाल में आयोजित की गई थी। इनके तहत भोपाल में 10 जनवरी को विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। जानकारी के अनुसार अबकी बार फिंगर प्रिंट की जगह इनकी आंखों का सत्यापन किया जाएगा।
दरअसल पटवारी परीक्षा में करीब साढ़े तीन हजार अभ्यर्थी अंगूठे के निशान का मिलान नहीं होने से इसमें शामिल होने से वंचित रह गए थे। इस संबंध में कुछ अभ्यर्थी न्यायालय भी पहुंच गए थे। यहां उनका तर्क था कि अगर उनका थंब इंप्रेशन या फिंगर प्रिंट सत्यापन नहीं हो रहा है तो इसमें उनकी क्या गलती है। उन्हें परीक्षा में शामिल होने से कैसे रोका जा सकता है। इस संबंध में उन्होंने पीईबी में भी आवेदन किया था। इसके बाद पीईबी ने उनकी अलग से परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
ऐसे आया पूरा मामला सामने...
दरअसल मीडिया द्वारा लगातार इस संबंध में खबरें सामने लाने के चलते सरकार के कान खड़े हो गए और पीईबी भी अब अपनी गलती सुधारने को तैयार हो गया है।
बोर्ड द्वारा पटवारी के करीब 9500 पदों के लिए 9 से 29 दिसंबर तक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 10लाख से भी ज्यादा आवेदन आए थे। इनमें से करीब 1.53 लाख परीक्षार्थी परीक्षा नहीं दे सके थे। यह परीक्षा पहले ही दिन से विवादों में रही है। बोर्ड के अनुसार एेसे करीब 2500 परीक्षार्थी हैं, जिनकी पहचान अंगूठे में पसीना आने या अन्य कारणों से नहीं हो सकी है। बोर्ड ने इन सभी के लिए अलग से परीक्षा आयोजित कराने का निर्णय लिया है।
बोर्ड के प्रवक्ता आलोक वर्मा के अनुसार 10 जनवरी को दोपहर 3 से शाम 5 बजे की शिफ्ट में यह परीक्षा भोपाल में होगी। इसके लिए 6 जनवरी को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।
बताया जाता है कि अंगूठे से पहचान नहीं होने के कारण जो परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित रहे हैं उनमें से कुछ ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की हुई है। हाईकोर्ट ने बोर्ड को आदेश जारी कर इन परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल करने काे कहा है।
6 से जारी होंगे प्रवेश पत्र
पीईबी के प्रवक्ता आलोक वर्मा ने बताया कि पटवारी की परीक्षा के लिए 6 जनवरी से प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे। इसमें केवल वे ही अभ्यर्थी शामिल हैं जिनके अंगूठे का मिलान नहीं हो सका था। इनकी परीक्षा 10 जनवरी को भोपाल में होगी।