
शहर में मौसम में फिर हल्का बदलाव आया है। दरअसल इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, इसके कारण उत्तर पूर्वी राजस्थान में एक प्रति चक्रवात बना है, इसके चलते हल्के बादल छाने लगे हैं। बादलों के कारण शनिवार को शहर के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी हो गई है। आंशिक बादलों के चलते दो दिन न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।
सुबह छाई रही धुंध, दोपहर में हल्के बादल, रात में इस वजह से सर्दी ज्यादा
शहर में सुबह हल्की धुंध छाई रही और 8 बजे तक शहर की विजिबिलिटी 1200 मीटर के आसपास रही। इसके बाद आंशिक बादलों की स्थिति रही। बादलों के कारण दिन के तापमान में जहां आधा डिग्री तक गिरावट हुई है, वहीं न्यूनतम तापमान बढ़ गया है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.9 और न्यूनतम 11.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.9 और न्यूनतम 10.8 डिग्री दर्ज किया गया।
अभी तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं
मौसम विज्ञानी अशफाक हुसैन का कहना है कि अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ और प्रतिचक्रवात बना हुआ है, अरब सागर की ओर से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। ऐसे में न्यूनतम तापमान एक दो दिन बहुत ज्यादा नहीं गिरेंगे। इस पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 18-19 दिसम्बर से न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी, इसके बाद तापमान 1 से 2 डिग्री गिरने की संभावना है। इसके बाद 22 से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके गुजरने के बाद 25-26 दिसम्बर से तापमान में तेजी से गिरावट की संभावना बन सकती है।