
MP Weather Update : मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान सूबे के शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिले के कई इलाकों में अति भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौजूदा स्थितियों के अनुसार, संबंधित जिलों में 4 इंच या उससे भी ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है। जबकि सूबे के भोपाल के साथ साथ इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और ग्वालियर समेत ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहने के साथ - साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका, सक्रिय पवन कतरन क्षेत्र और प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बने निम्न दाब क्षेत्रों का प्रभाव है। इन्हीं मौसमी प्रणालियों के चलते प्रदेश में अगले 4 दिन तक कई जिलों में तेज बारिश के हालात देखने को मिलेंगे।
आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर, नीमच, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।
लंबे ब्रेक के बाद बीते कुछ दुनों से एक बार फिर शुरु हुए बारिश के दौर के चलते कई इलाकों में बारिश के कोटे में आई कमी में सुधार आना शुरु हो गया है। 20 जुलाई तक हुई बारिश से जहां प्रदेश में ये सामान्य से 17 फीसदी कम रही तो अब मौजूदा स्थितियों के अनुसार, ये अंतर घटकर करीब 11 फीसद रह गया है। हालांकि, अब भी प्रदेश में बारिश का स्तर औसत से पीछे है। अब तक प्रदेश में करीब 13 इंच (330.4 मिलीमीटर) बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस समय तक 14.6 इंच (370.9 मिलीमीटर) बारिश होनी चाहिए थी। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 15 फीसद बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में अधिक बारिश होने के कारण औसत स्तर से 8 फीसद कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।