
भोपाल. भोपाल के गांधी नगर इलाके में नाले के पास सोमवार सुबह मिली महिला की लाश के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृतक महिला का देवर ही है जिसे रायसेन से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए वारदात की जो वजह बताई है वो हैरान कर देने वाली है। बता दें कि महिला की लाश पेड़ों की टहनियों और चादर से ढकी हुई मिली थी।
भाभी को पत्नी की तरह रखता था साथ
आरोपी का नाम आसिफ है जो मृतका का देवर है, आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका भाई गुजरात में एक चिकिन शॉप पर काम करता है। वो बीते लंबे समय से भाभी को पत्नी की तरह अपने साथ रख रहा था जिसकी जानकारी भाई और माता-पिता को भी थी। लेकिन बीते कुछ दिनों से भाभी उस पर शक करने लगी थी उसे लगता था किसी और महिला से उसका अफेयर चल रहा है इसी बात को लेकर झगड़े होने लगे थे। रविवार की रात भी उनके बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था और गुस्से में आकर उसने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी।
कंधे पर शव रखकर नाले के पास ले जाकर फेंका
आरोपी आसिफ ने पुलिस को बताया कि भाभी की हत्या करने के बाद उसने लाश को कंधे पर उठाया और लाश को नाले के पास ले जाकर फेंक दिया। पेड़ों की टहनियों और चादर से लाश को ढंक दिया जिससे किसी को नजर न आए और चुपचाप घर आकर सो गया। लेकिन सुबह जब नींद से उठा तो देखा कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तो डरकर घर से भाग गया था। बता दें कि गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक होटल के पीछे महिला की लाश सोमवार की सुबह पुलिस को मिली थी।