
भोपाल.कोरोना वायरस के कारण मध्य प्रदेश के लगभग सभी जिलों को लॉकडाउन कर दिया गया है। राजधानी भोपाल और जबलपुर में कर्फ्यू लागाया गया है। देश भर में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी को देखते हुए महाराष्ट्र स्थित पुणे की कंपनी 'माय लैब' की ओर से तैयार की गई किट को मंजूरी मिल गई है और इसे प्रमाणिक माना गया है। बताया जा रहा है कि इस टेस्ट किट से महज से दो से ढाई घंटे में ही कोरोना का परीक्षण किया जा सकता है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर कहा- 'गुड न्यूज'
बताया जा रहा है कि कंपनी की किट के जरिए 1000 सैंपलों का परीक्षण बड़ी लैब से किया जा सकता है। इसके अलावा 200 सैंपलों का परीक्षण छोटी लैब से किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इन किटों की कीमत 1200 रुपये रहेगा। बता दें कि अब तक देश में टेस्टिंग किट्स की कमी होने का करण सरकार आलोचना का शिकार होती रही है।
फिलहाल, भारतीय मेडिकल अनुसंधान परिषद ( ICMR ) ने सिर्फ ऐसे लोगों का ही कोरोना टेस्ट करने का फैसला लिया है जो कहीं बाहर से आए हों या जिन्हें कोरोना होने का संदेह हो। फिलहाल भारत में कोरोना टेस्टिंग का औसत 10 लाख पर 15 लोगों का है, जो दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले बेहद कम है। हालांकि अब सरकार ने इस औसत को बढ़ाने का फैसला लिया है।
माय लैब के अनुसार, हर सप्ताह एक लाख कोरोना टेस्टिंग किट्स को तैयार किया जा सकता है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते खतरे के चलते देश के 30 राज्यों में लॉकडाउन कर दिया गया है। देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 500 के पार पहुंच गई है। इसके अलावा अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है।