
Narottam Mishra: मध्य प्रदेश की राजधानी में एमपी भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक (MP BJP core group meeting) में एक बार फिर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की गैरमौजूदगी और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सिंधिया लगातार दूसरी बार बैठक में शामिल नहीं हुए, वहीं नरोत्तम मिश्रा को बैठक का न्योता ही नहीं भेजा गया। बता दें कि,1 अक्टूबर को हुई कोर ग्रुप की मीटिंग में भी नरोत्तम मिश्रा नहीं पहुंचे थे। नरोत्तम ने इसका कारण यह बताया था कि उन्हें इस मीटिंग की जानकारी नहीं थी।
सूत्रों के मुताबिक, नरोत्तम को बैठक में बुलाने को लेकर प्रदेश संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की थी, लेकिन वहां से सहमति नहीं मिलने के बाद उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया। ऐसे में उनके कोर ग्रुप से बाहर होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालाकि, संगठन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं केंद्रीय मंत्री सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) की गैरमौजूदगी पर संगठन के सूत्रों ने दिल्ली में व्यस्तता को कारण बताया है।
बैठक में सीएम डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रभारी बिप्लब कुमार देव, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सह प्रभारी रेखा शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, सांसद वीडी शर्मा, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, मंत्री राकेश सिंह, पूर्व मंत्री अरविंद अरविंद भदौरिया, भदौरिया, मंत्री संपतिया उइके, सांसद लता वानखेड़े सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।