बाघ दिवस पर जारी हुए आंकड़े...। मध्यप्रदेश 785 टाइगर के साथ देश में नंबर-1...।
पूरी दुनिया में कहीं सबसे ज्यादा टाइगर हैं तो वो मध्यप्रदेश हैं। शनिवार को टाइगर डे (International Tiger Day) के मौके पर यह खुशखबरी मध्यप्रदेश के लिए आई है। भारत सरकार ने शनिवार को बाघों की गणना के आंकड़े जारी कर दिए। पिछली बार मध्यप्रदेश में 526 टाइगर थे, इस बार की गणना में बाघों की संख्या 785 हो गई है। प्रदेश में 259 टाइगर बढ़ गए हैं। जबकि पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा टाइगर भारत में हैं।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण ने राज्यवार बाघों की गणना 2022 के आंकड़े जारी कर दिए। आज बाघ दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश के लिए यह बड़ी खुशखबरी है। जारी आंकड़ों के अनुसार मध्यप्रदेश को टाइगर स्टेट का दर्जा बरकरार रहेगा। मध्यप्रदेश में कुल टाइगर 785 पाए गए हैं। पिछली गणना 2018 के मुकाबले 259 टाइगर बढ़ गए हैं। मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा बाघों की संख्या बांधवगढ़ नेशनल पार्क और कान्हा किसली नेशनल पार्क में है।
सीएम ने व्यक्त की खुशी
मध्यप्रदेश के दोबारा टाइगर स्टेट का दर्जा मिलने पर मध्यप्रदेश में खुशी का माहौल है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिहं चौहान ने ट्वीट के जरिए अपनी खुशी साझा करते हुए कहा है कि अत्यंत गर्व और हर्ष की बात है कि विगत चार वर्षों में मध्यप्रदेश में बाघों की संख्या 526 से बढ़कर 785 हो गई है। सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि वन विभाग के कर्मठ साथियों, वन्य जीव प्रेमियों और नागरिकों के योगदान से मिली है। मैं आप सबके सहयोग के लिए हृदय से आभार प्रकट करता हूँ। आइये, हम सब मिलकर 'अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस' पर भावी पीढ़ियों के लिए प्रकृति संरक्षण का पुनः संकल्प लें।
पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा बाघ भारत में
पूरी दुनिया के देशों में सबसे ज्यादा टाइगर भारत में ही हैं। भारत में टाइगर्स की संख्या 3167 है और इंडिया के बाद दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा बाघों वाला देश रूस है। यहां मात्र 540 टाइगर हैं। इस लिहाज से मध्यप्रदेश राज्य पूरी दुनिया के देशों को टक्कर दे रहा है।
सीएम बोले- "टाइगर स्टेट" होने पर हमें गर्व है...
इधर, टाइगर स्टेट की घोषणा होने से पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा था कि आइए, बाघों के संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ ही उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा के लिए हम और श्रेष्ठतम कार्य करें ताकि टाइगर स्टेट का गौरव आगे भी हमारे पास रहे। "विश्व बाघ दिवस" की सभी को शुभकामनाएं।
विश्व में कितनी है बाघों की संख्या
21 जुलाई 2023 को प्रकृति संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय संघ ने बाघों का पुनर्मूल्यांकन किया और नए आंकड़े जारी किए थे। इनके मुताबिक पूरी दुनिया के जंगलों में 3726 से 5578 बाघ हैं। देशों की बात करें तो भारत के बाद बाघों की संख्या में रूस का नंबर है। दुनियाभर के बाघों की 70 फीसदी आबादी भारत में है।