भोपाल

जादू टोने के शक में पड़ोसी की चाकुओं से गोदकर हत्या

- बागसेवनिया कृष्णा आर्केड में वारदात- प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है आरोपी- पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

less than 1 minute read
Apr 02, 2021

भोपाल. राजधानी भोपाल के बागसेवनिया इलाके में कृष्णा आर्केड कॉलोनी में रहने वाले युवक ने पड़ोसी को जादू टोने के शक में चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने मृतक अनिल शिंदे के सीने, हाथ, पैर, पीठ पर चाकुओं से 12 बार हमला किया। हमले के दौरान चाकू टूटकर मृतक की पीठ में फंस गया, जिसके बाद आरोपी चाकू का हैंडल लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।

घटना के समय आसपास खड़े लोगों ने मृतक को बचाने की कोशिश भी नहीं की। घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पहचान कर पुलिस को सूचना दी। बागसेवनिया थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि पड़ोसियों की निशानदेही पर घेराबंदी कर आरोपी हितेश सरिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृतक पर जोदू टोना करके नौकरी नहीं लगने देने का दावा कर रहा है।

पुलिस ने बताया कि अनिल शिंदे डे केयर सेंटर में काम करता था और बहन के पास रहता था। करीब तीन साल से वह हितेश के मकान में किराए से रह रहा था। हितेश प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। अनिल की हरकतें देख हितेश ने मकान खाली करवा लिया था। उसे संदेह था कि अनिल जादू टोना करता है, जिससे वह परेशान रहता है। मकान खाली करने के बाद अनिल ने पड़ोस में ही मकान किराए पर ले लिया था। पुलिस ने बताया कि मृतक के घर से जादू टोना और तंत्र-मंत्र किए जाने के प्रमाण मिले हैं।

पुलिस की पूछताछ में हितेश ने पुलिस को बताया कि वह अनिल को कई बार कह चुका था कि उस पर जादू टोना मत कर, लेकिन वह मान नहीं रहा था। वह उसे मारने की फिराक में लंबे समय से था। गुरुवार को उसे मौका मिल गया और उसने चाकू से वार कर अनिल की हत्या कर दी।

Published on:
02 Apr 2021 08:59 am
Also Read
View All