
भोपाल. मध्यप्रदेश के सबसे बड़े और चर्चित व्यापम महाघोटाले (Vayapam Scam) में आरोपियों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया चल रही है. एसटीएफ ने पेंडिंग शिकायतों की जांच तेज कर दी है. इन मामलों में जांच आगे बढ़ाते हुए एक नई FIR दर्ज की है जोकि इस घोटाले की 17 वीं FIR है. पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2013 केस में यह यह FIR दर्ज की गई.
एसटीएफ ने आरक्षक भर्ती परीक्षा 2013 केस में आरोपी वीरेश कुमार सहित अन्य लोगों के खिलाफ धारा 466,468, 471, 120 बी में केस दर्ज किया. आरोप है कि वीरेश ने खुद की बजाए किसी दूसरे युवक को बैठाकर परीक्षा पास की थी. आरोपी वीरेश अभी भी पुलिस में नौकरी कर रहा है. STF ने PHQ से आरोपी वीरेश से संबंधित कुछ जानकारी भी मांगी है. इंदौर STF की टीम ही इस मामले की जांच कर रही है.
व्यापम घोटाले में तत्कालीन शिवराज सरकार परेशानी में आ गई थी. 2013 में घोटाले में FIR दर्ज होने के बाद शिवराज सरकार ने एसटीएफ को जांच सौंप दी थी. तत्कालीन बीजेपी सरकार के कई मंत्रियों के साथ बड़े राजनेताओं, प्रदेश के कई आईएएस, आईपीएस अफसरों और अन्य नौकरशाहों के नाम इसमें सामने आए थे. बीजेपी सरकार पर लग रहे गंभीर आरोपों के बाद 2015 में एसटीएफ से जांच सीबीआई ने ले ली थी.चिह्नित शिकायतों की जांच में एसटीएफ का सीबीआई जांच में कोई दखल नहीं था.
एसटीएफ टीम सिर्फ पेंडिंग शिकायतों या फिर आने वाली नई शिकायतों पर जांच कर रही थी.मामले में 1357 शिकायतें एसटीएफ को मिली थीं, इसमें से 307 शिकायतों की जांच कर 79 FIR दर्ज की गई थीं. 1050 शिकायतों में से 530 जिला पुलिस के पास जांच के लिए भेजी गईं और 197 शिकायतें एसटीएफ के पास थीं. बाकी 323 शिकायतों को नस्तीबद्ध कर दिया, जिसमें गुमनाम होने को आधार बनाया गया था. इन्हीं 197 शिकायतों की जांच STF ने कांग्रेस सरकार में दोबारा शुरू की थी.
कमलनाथ सरकार के निर्देश के बाद एसटीएफ ने व्यापम घोटाले की जांच दोबारा शुरू कर 197 पेंडिंग शिकायतों में से 100 को चिह्नित कर लिया था. इन्हीं शिकायतों में से एसटीएफ ने तीन महीने की जांच में 16 FIR दर्ज की थीं. पीएमटी 2008 से 2011 के साथ डीमेट और प्रीपीजी में हुई गड़बड़ियों की शिकायतों पर सबसे पहले FIR दर्ज हुई थी. 84 FIR और दर्ज होनी थीं. इनमें से 100 FIR में करीब 500 लोगों को आरोपी बनाया जाना था.
बीजेपी सरकार के दौरान हुए सबसे बड़े व्यापम घोटाले की जांच में कुछ दिनों से मानो ब्रेक लग गया था लेकिन अब जांच को फिर से तेज किया गया है. व्यापम मामले में पेंडिंग शिकायतों पर एफआईआर दर्ज करना फिर प्रारंभ कर दिया गया है. कमलनाथ सरकार में मामले में कई FIR दर्ज की गई थीं. बीजेपी के डेढ़ साल के इस नए कार्यकाल में पहली FIR के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 17 पर पहुंच गया है.