
भोपाल। क्रिसमस पर्व के बाद अब शहर में नए साल के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई है। नए साल की प्रवेश कुंडली के हिसाब से आने वाला साल समृद्धिदायक रहेगा। साल की शुरुआत कन्या लग्न में होगी। बुधवार के दिन साल की शुरुआत होने के कारण उद्योग जगत के लिए साल अच्छा होगा, रोजगार के अवसर खुलेंगे, विकास में भी बढ़ोतरी होगी। लेकिन कार्यों में कुछ रूकावटे भी आएगी। इस बार एक और संयोग बन रहा है कि अंग्रेजी नववर्ष और हिन्दू नववर्ष दोनों ही नववर्ष बुधवार से शुरु होंगे। हिन्दू नववर्ष की शुरुआत अगले साल 25 मार्च से होगी।
तकनीकि कार्यों और शिक्षा का विस्तार होगा
ज्योतिषाचार्य पं. प्रहलाद पंड्या के अनुसार नए साल का उदय कन्या लग्न में होगा, और राजभाव में मिथुन रहेगा जिसका स्वामी बुध राजभाव को देख रहे हैं। इस कारण तकनीकि कार्यों और तकनीकि शिक्षा में विस्तार होगा और कई योजनाएं बनेगी। केंद्र और राज्य सरकारे औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान देगी। अधोसंरचना पर अधिक खर्च होगा। बुध के प्रभाव के कारण युवाओं में रोजगार के लिए कई प्रभावी योजनाएं बनेगी। राहू के प्रभाव के कारण अजा, अजजा, पिछड़ा वर्ग, महिलाओं के लिए विशेष योजनाए बनेगी। गुरु और शनि की युति और राहू की दृष्टि के कारण केंद्र और राज्य सरकारों में टकराव की स्थिति बनेगी। महंगाई में बढ़ोतरी होगी।
भविष्यवाणी: महिलाओं का बढ़ेगा प्रभाव
वर्ष 2020 में महिलाओं का प्रभाव बढ़ेगा वहीं यह राजनैतिक रूप से उथल-पुथल वाला होगा, यह भविष्यवाणी ब्रह्म शक्ति ज्योतिष संस्थान के पंडित जगदीश शर्मा ने की है। ज्योतिषाचार्य शर्मा ने बताया है कि अंग्रेजी नववर्ष का शुभारंभ बुधवार को होगा। 1 जनवरी को कन्या लग्न में यह साल शुरू होगा। इसका स्वामी बुध है और बुधवार के दिन ही नया वर्ष शुरू होगा। ये साल सभी के लिए सुख-समृद्धि दायक रहेगा। कन्या राशि महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती है। इस लिए पूरे वर्ष महिलाओं का प्रभाव बढ़ेगा। शतभिषा नक्षत्र में नया साल शुरू होने से पूरे वर्ष बुधवार के दिन कई अहम फैसले भी हो सकते हैं।