भोपाल

Nitin Nabin: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एमपी के लिए की तीन और नियुक्ति

BJP appointments: शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, महाराष्ट्र और आंधप्रदेश की संभालेंगे जिम्मेदारी।
2 min read
Sep 24, 2026
nitin nabin
नितिन नवीन की फाइल फोटो (Source- Nitin Nabin Facebook page)

Nitin Nabin BJP appointments: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मध्यप्रदेश के संगठन को और मजबूत करने के लिए गुरुवार को तीन और नियुक्ति कर दी है। यह नियुक्ति भाजपा के संगठन में की है। शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया है। उन्हें मध्यप्रदेश सहित आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र मुंबई रहेगा। इनके अलावा सतीश धोंड को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) महाराष्ट्र बनाया है। उन्हें जनजाति संपर्क (4 प्रदेश) की जिम्मेदारी दी गई है। वे मध्यप्रदेश के साथ ही गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र का जिम्मा संभालेंगे। उनका केंद्र नागपुर रहेगा। इनके अलावा चंद्रशेखर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वे मध्यप्रदेश का कार्य देखेंगे। चंद्रशेखर का केंद्र भोपाल रहेगा।

बूथ मैनेजमेंट में माहिर हैं शिव प्रकाश

अमित शाह के करीबी माने जाने वाले शिव प्रकाश पर आरएसएस और बीजेपी के बीच समन्वय की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। शिवप्रकाश के पास इससे पहले भी मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी रह चुकी है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश का बूथ और माइक्रोमैनेजमेंट ऐसा है जिससे पहले भी मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को भाजपा को जीत मिलती रही है। इससे पहले 2017 में उत्तराखंड और 2023 में मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत मुश्किल मानी जा रही थी। मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश के चुनाव में भाजपा इन राज्यों में सत्ता में काबिज हो पाई थी। मूलतः मुरादाबाद के रहने वाले शिव प्रकाश भाजपा में शामिल होने से पहले संघ के प्रचारक थे। वे सूझबूझ और असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने में निपुण माने जाते हैं। बताया जाता है कि शिव प्रकाश ने महाराष्ट्र में भी सबसे पहले संगठन को सही किया और फिर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी। इससे कार्यकर्ताओं में यह मैसेज गया कि पार्टी उन पर विश्वास करती है। भाजपा के कोर वोटर को भी एक्टिव करने में इनकी अहम भूमिका मानी जाती है।

एक दिन पहले जारी हुई थी प्रभारियों-सहप्रभारियों की लिस्ट जारी

बता दें कि एक दिन पहले बुधवार को बीजेपी ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की लिस्ट जारी की थी। इनमें मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के राज्य भी शामिल थे। मध्यप्रदेश में बिप्लब कुमार देब को प्रभारी बनाया गया, जबकि रेखा वर्मा को मध्यप्रदेश का सहप्रभारी बनाया गया। मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया। पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया। मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया को आंध्रप्रदेश का प्रभारी व बड़वानी-खरगोन सीट से सांसद गजेन्द्र पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया था।

Updated on:
24 Sept 2026 03:28 pm
Published on:
24 Sept 2026 02:59 pm