Nobel winner Prof. Michael Robert Kremer- अमेरिकी विकास अर्थशास्त्री नोबेल पुरस्कार विजेता प्रो. माइकल रॉबर्ट क्रेमर भोपाल आए।
Nobel winner Prof. Michael Robert Kremer- अमेरिकी विकास अर्थशास्त्री नोबेल पुरस्कार विजेता प्रो. माइकल रॉबर्ट क्रेमर भोपाल आए। शुक्रवार को मंत्रालय में उन्होंने मुख्य सचिव अनुराग जैन व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश की विकास पहलों को और अधिक प्रभावी बनाने और साक्ष्य-आधारित विकास रणनीतियों पर चर्चा की। स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और जल क्षेत्रों को और अधिक मज़बूत बनाने पर विचार-विमर्श किया। बैठक में प्रो. माइकल रॉबर्ट क्रेमर ने बच्चों की सेहत से संबंधित अहम तथ्य बताया। उन्होंने कहा कि 'हर घर जल' कार्यक्रम, खासतौर पर बच्चों के स्वास्थ्य मानकों में सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रो. क्रेमर ने बताया कि नवजात शिशु, जल जनित बीमारियों के प्रति संवेदनशील होते हैं और उनके सर्वेक्षण से निष्कर्ष निकला है कि सुरक्षित जल उपलब्ध कराकर बच्चों से संबंधित हर चार में से एक मृत्यु रोकी जा सकती है।
प्रो. माइकल क्रेमर को वैश्विक गरीबी उन्मूलन के उनके प्रयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए वर्ष 2019 में नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था। उन्हें अभिजीत बनर्जी और एस्थर डुफ्लो के साथ संयुक्त रूप से अर्थशास्त्र का नोबेल दिया गया था।
अर्थशास्त्री प्रो. क्रेमर ने बताया कि उनके अध्ययन का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि यदि परिवारों को पीने के लिए सुरक्षित पानी उपलब्ध कराया जाए तो करीब 20 प्रतिशत शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने से पहले कठोर परीक्षण जरूरी है।
मध्यप्रदेश में जल जीवन मिशन द्वारा गांवों में घरों में शुद्ध पानी उपलब्ध कराने की पहल पर प्रो. क्रेमर ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने पेयजल, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और जलवायु परिवर्तन से सम्बंधित अधिकारियों के प्रश्नों के उत्तर दिए और जरूरी सुझाव भी साझा किए।
जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन, अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास दीपाली रस्तोगी, अपर मुख्य सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति रश्मि अरुण शमी, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. संजय गोयल, सचिव कृषि विकास एवं किसान कल्याण निशांत वरवड़े, सचिव महिला एवं बाल विकास जीवी रश्मि, संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. सलोनी सिडाना आदि यहां उपस्थित थे। एविडेंस एक्शन संस्था के कंट्री डायरेक्टर अंकुर गर्ग ने भारत में 'एविडेंस एक्शन' के किए गए कार्यों का प्रेजेन्टेशन दिया।