भोपाल

NURSING SCAM: नर्सिंग घोटाले के व्हिसलब्लोअर का कथित वीडियो वायरल, भाजपा नेता के ट्वीट से गर्माई सियासत

NURSING SCAM: एमपी बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने ट्विटर पर शेयर किया वीडियो तो व्हिसलब्लोअर रवि परमार ने भी जारी किया वीडियो...।

2 min read
Jul 19, 2024

NURSING SCAM: मध्यप्रदेश में हुए नर्सिंग घोटाले को लेकर प्रदेश की सियासत गर्माई हुई है। इसी बीच शुक्रवार को एक कथित वीडियो वायरल होने के बाद इसमें और ज्यादा उबाल आया। दरअसल जो कथित वीडियो सामने आया है उसमें नर्सिंग घोटाले के व्हिसलब्लोअर और छात्र नेता रवि परमार कहते सुनाई दे रहे हैं कि सारंग तो राजनीति का शिकार हो गया। उन्होंने कोई पैसा नहीं कमाया। इस कथित वीडियो को प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। तो वहीं व्हिसलब्लोअर रवि परमार ने भी वीडियो जारी कर इस वीडियो को झूठा बताया है।

आशीष अग्रवाल ने ट्वीट किया वीडियो

मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इस कथित वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर करते हुए लिखा है कि 'झूठ का झुनझुना' बजाने वाली कांग्रेस के दफ़्तर पीसीसी में नर्सिंग घोटाले के कथित 'व्हिसल ब्लोअर ' रवि परमार का ये स्टिंग वीडियो देखिये…

कथित वीडियो में क्या बातचीत

जो कथित वीडियो वायरल हुआ है और भाजपा मीडिया प्रभारी ने ट्विटर पर शेयर किया है उसमें रवि परमार कहते सुनाई दे रहे हैं कि 'सारंग राजनीति का शिकार हो गया, उसने कोई पैसा वैसा नहीं कमाया। कई लोग विश्वास सारंग के खिलाफ मेरे पास एआई के माध्यम से ऑडियो और वीडियो लेकर आते हैं, फर्जी डॉक्यूमेंट लेकर आते हैं। राजा साहब (दिग्विजय सिंह) से लड़ाई ली उसने, राजा साहब के पीछे पड़ गया, राजा साहब के खिलाफ प्रचार करने राजगढ़ गया, राजासाहब ने मुझसे कहा- छोड़ेगे नहीं उसको, निपटाएंगे। राजासाहब ने बोल दिया है मुझको, तू लड़ मैं हूं तेरे साथ।


रवि परमार का पलटवार

वहीं भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के कथित वीडियो शेयर करने और कांग्रेस पर हमला बोलने के बाद नर्सिंग घोटाले के व्हिसलब्लोअर रवि परमार ने भी एक वीडियो जारी कर पलटवार किया है। रवि ने पूछा है कि क्या भीखू मात्रे का यह अकाउंट भाजपा का ऑफिशियल अकाउंट है। क्या वीडियो की सत्यता की जिम्मेदारी भाजपा लेती है। परमार ने इस वीडियो को कूटचरित और एआइ का प्रयोग कर बनाया गया बताया है। साथ ही चेतावनी दी है कि वे इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे।

Updated on:
19 Jul 2024 11:00 pm
Published on:
19 Jul 2024 10:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर