भोपाल

13 सितंबर को चाहिए 16 लाख से ज्यादा सेकंड डोज

इन लोगों ने महाअभियान में लगवाया था पहला टीका वैक्सीन का टोटा-कैसे होगा पूरा  

2 min read
Jul 17, 2021
corona vaccination in israel

भोपाल : प्रदेश में टीके का टोटा सेकंड डोज वालों के लिए भारी पड़ रहा है। प्रदेश में 21 जून को टीकाकरण महाअभियान चलाया तो विश्व रिकॉर्ड बन गया। एक दिन में लक्ष्य से ज्यादा टीकाकरण कर प्रदेश ने 127 फीसदी प्रदर्शन किया। 21 जून के महाअभियान में 16 लाख 95 हजार 592 लोगों ने वैक्सीन लगवाकर सुरक्षा कवच प्राप्त किया। इसमें 16 लाख 12 हजार 629 लोगों ने वैक्सीन की प्रथम डोज और 82 हजार 963 ने दूसरी डोज लगवाई। मुश्किल यहीं से शुरु होती है। इन 16 लाख 12 हजार से ज्यादा लोगों को 84 दिन बाद यानी 13 सितंबर को दूसरी डोज चाहिए। लेकिन इतनी डोज आएगी या नहीं इसका जवाब किसी के पास नहीं है। प्रदेश के स्वास्थ्य अधिकारी सिर्फ उम्मीद ही कर रहे हैं। डोज केंद्र सरकार को भेजनी है इसलिए प्रदेश की तैयारी या योजना कोई काम नहीं आ सकती। हालांकि 84 दिन के बाद दूसरी डोज लगवाने के लिए दो हफ्ते का वक्त होता है।

चुनौती अभी बाकी है :
ये तो सिर्फ 21 जून के महाअभियान में शामिल हुए लोगों की संख्या थी। इसके बाद भी चुनौती बढ़ती ही गई। 23 जून को 11.59 लाख, 24 जून को 7.33 लाख और 26 जून को 10 लाख लोगों ने टीका लगवाया। 30 जून तक 50 लाख से ज्यादा लोगों ने टीकाकरण करवाया। इन 50 लाख लोगों में 40 लाख से ज्यादा को 22 सितंबर तक दूसरा डोज चाहिए।

टीके की कमी से ये भी हुई स्थिति :
टीके की कमी के चलते सरकार को अपनी रणनीति में तीन बार बदलाव करना पड़ा। 3 जुलाई को सिर्फ कोवैक्सीन का सिर्फ दूसरा डोज लगाया गया। वहीं 5 जुलाई को कोविशील्ड का दूसरा डोज लगा। 10 जुलाई को सिर्फ 27 पिछड़े जिलों को वैक्सीन का आवंटन किया गया। टीकाकरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 24 जिलों को वैक्सीन नहीं दी गई।

- जुलाई में ये रही टीकाकरण की स्थिति :
01 जुलाई - 8 लाख 99 हजार
03 जुलाई - 2 लाख 60 हजार
05 जुलाई - 4 लाख 09 हजार 115
07 जुलाई - 4 लाख 42 हजार
08 जुलाई - 6 लाख 83 हजार 957
10 जुलाई - 6 लाख 23 हजार 81
12 जुलाई - 37 हजार 547
14 जुलाई - 3 लाख 98 हजार
15 जुलाई - 4 लाख 36 हजार

- केंद्र सरकार ने महाअभियान के लिए वैक्सीन दी है तो दूसरे डोज की वैक्सीन भी देगी। हमको पूरी उम्मीद है कि हमें महाअभियान के दूसरे डोज के समय पर पर्याप्त वैक्सीन मिलेगी। वैक्सीन का प्रोडॅक्शन भी बढ़ रहा है इसलिए आने वाले दिनों में कमी नहीं आएगी।
- डॉ संतोष शुक्ला राज्य टीकाकरण अधिकारी -

Published on:
17 Jul 2021 06:12 pm
Also Read
View All