
Bhopal : राजधानी में वाहन हादसे में एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। वे शनिवार को घर से किसी काम के लिए निकले पर रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। डी मार्ट और पीपुल्स अस्पताल के बीच यह हादसा हुआ। दुखद सूचना के बाद उनकी इकलौती बेटी के साथ अन्य परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। पापा का शव देख बेटी आंसू बहाती रही। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस अब ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र के निवासी 53 वर्षीय कुलदीप सक्सेना दीवानगंज में एक केमिकल फैक्ट्री में काम करते थे। वे वहां सुपरवाइजर थे। कुलदीप सक्सेना परिवार सहित शिवानी होम्स में रहते थे। शनिवार को उनकी एक्टिवा को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। सुबह करीब 9 बजे यह हादसा हुआ।
परिजनों के अनुसार कुलदीप सक्सेना रूटीन चेकअप के लिए भानपुर जा रहे थे। इसी दौरान हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया जहां उपचार के दौरान उनकी सांसें थम गईं। इधर हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया।
कुलदीप सक्सेना के असामयिक निधन पर परिजन और रिश्तेदार दुखी हो उठे। पूरे परिवार में मातम छा गया। कुलदीप सक्सेना की इकलौती बेटी को पिता के हादसे की सूचना दी गई। वह उस समय कॉलेज में थी। जैसे ही खबर मिली, वह अस्पताल की ओर भागी। बेटी अपने पिता को देखने अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में ही पहुंच गई। उसके आंसू थम नहीं रहे थे। अन्य परिजन और रिश्तेदार भी अस्पताल में आ गए। दोपहर में पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने कुलदीप सक्सेना का शव परिजनों को सौंप दिया।
इधर पुलिस ने मामले की जांच भी शुरु कर दी है। मर्ग कायम कर आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।