
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार भोपाल गैंगरेप पीड़िता को ब्रेवरी अवार्ड से सम्मानित कर सकती है। हालांकि फिलहाल यह तय नहीं है कि उस अवार्ड का नाम 'राष्ट्रमाता पद्मावती' रहेगा या नहीं।
यह बात मध्यप्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने संकेत दिए कि गैंगरेप पीड़िता ने काफी बहादुरी से हर परिस्थिति का सामना किया और हिम्मत के साथ ही अपनी बात सबके सामने रखी। हम इस पर जल्द ही निर्णय करेंगे कि उसे कौन-सा अवार्ड दिया जाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि वह काफी बहादुर लड़की है और उसकी हिम्मत की सराहना की जाना चाहिए। सिंह ने कहा कि अवार्ड देने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए एक प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। प्रदेश में महिलाओं के सम्मान के लिए कई अवार्ड हैं, लेकिन इस मामले में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही करेंगे। यदि गैंगरेप पीड़िता को राष्ट्रमाता पद्मावती सम्मान दिया जाता है तो वह यह पुरस्कार पाने वाली पहली महिला बन जाएंगी।
गैंगरेप के आरोपियों को मिले सजा-ए-मौत
सिंह ने यह भी कहा कि हम दुराचार के आरोपियों के लिए सजा-ए-मौत की मांग करते हैं। हमने जो प्रस्ताव बनाने जा रहे हैं वो कैबिनेट और विधानसभा दोनों जगह रखेंगे। सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के एजेंडे में इसे अमल कराने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन जाएगा।
ऐसे हुआ हुआ था भोपाल गैंगरेप
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन के पास यूपीएससी की तैयारी करने वाली 19 वर्षीय छात्रा को रेलवे ट्रेक पार करते हुए चार युवकों ने पकड़ लिया था। उन्होंने उसके साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। बेहोशी की हालत में उसे मरा समझकर वे वहां से फरार हो गए थे। फिलहाल चारों अभी पुलिस हिरासत में है।
-सुल्तानिया अस्पताल की दो डॉक्टरों को छात्रा की गलत रिपोर्ट देने के मामले में निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने लिखा था कि लड़की ने सहमति से बनाए थे संबंध।
-इसी मामले में रिपोर्ट दर्ज करने में छात्रा को यहां से वहां दौड़ाने वाले तीन थानों की पुलिस पर भी गाज गिर चुकी है।
दो दिन पहले ही हुई पुरस्कार की घोषणा
इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को फिल्म पद्मावती की रिलीज पर रोक लगाने के बाद महिलाओं के सम्मान के लिए राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार और वीरता के लिए महाराणा प्रताप पुरस्कार की घोषणा की है।