
भोपाल। राजधानी भोपाल के अवधपुरी क्षेत्र स्थित पॉश कॉलोनी क्रिस्टल आयडियल सिटी, रचना विहार और लवकुश नगर के रहवासी नहीं चाहते कि उनके यहां पर बारिश हो, क्योंकि उन्हें डर है बारिश होते ही यहां गंभीर हादसा हो सकता है। हादके का कारण है एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स। कॉम्प्लेक्स के लिए खोदी गई नींव का 50 से 60 फीट गहरा गड्ढा खुला पड़ा है। इस गड्ढे के कारण क्रिस्टल आयडियल सिटी के मकान धसकने लगे हैं, वहीं लवकुश नगर का रास्ता बंद हो गया है। बारिश होने पर दिक्कत इतनी बढ़ जाएगी कि यहां के रहवासियों का रहना मुश्किल हो जाएगा। जन और धन हानि से बचने के लिए यहां के लोग नहीं चाहते कि यहां बारिश हो।
यहां के रहवासी लंबे समय से इस गड्ढे को बंद करने के लिए शिकायत भी कर रहे हैं, लेकिन अफसर सुनवाई नहीं कर रहे हैं। अफसर बिल्डर के दबाव में चुप्पी साधे हुए हैं। 15 दिन पहले यहां के रहवासियों ने कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे को बंद करने के लिए राजस्व और बिल्डिंग परमिशन डिपार्टमेंट में शिकातय की थी। शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। गड्ढा अभी भी खुला पड़ा है। एक महीने बाद यानी 20 जून तक प्री मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी। बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भरेगा और यहां गंभीर हादसे होंगे। अफसर तीन कॉलोनी के डेढ़ हजार से ज्यादा रहवासियों के विरोध के बाद भी इस गड्ढे को बंद कराने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
तीन साल से रहवासी परेशान
पॉश कॉलोनी क्रिस्टल आयडियल सिटी के गेट पर खजूरी कॉम्प्लेक्स निर्माण करने के लिए तीन साल पहले एक बिल्डर ने प्लिंथ खोदी। प्लिंट भरने का काम पूरा होकर कॉम्प्लेक्स निर्माण शुरू होता, उससे पहले ही बिल्डर ने काम रोक दिया। कॉलोनी के गेट पर खुला पड़ा गहरा गड्ढा बारिश के दिनों में हादसों का कारण बनता है। रहवासी लंबे समय से इसको बंद करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। क्रिस्टल आयडियल सिटी कल्याण समिति के उपाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने एसडीएम रवि सिंह को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
अफसरों पर गंभीर आरोप
रहवासियों का आरोप है कि अफसर बिल्डर से मिलकर हादसे की अनदेखी कर रहे हैं। बारिश में यदि कोई गंभीर हादसा होता है तो अफसर जिम्मेदार होंगे। क्रिस्टल आयडिल सिटी कल्याण समिति की तरफ से एसडीएम रवि सिंह के साथ इस मामले की शिकायत एडीएम जीपी माली से भी की गई थी। एडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एसडीएम रवि सिंह को नोटिस जारी कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एडीएम माली के निर्देश देने के बाद भी एसडीएम ने बिल्डर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। क्रिस्टल आयडियल सिटी कल्याण समिति के उपाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि अफसर जनबूझकर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। अफसरों के इस रवैए से स्पष्ट है कि वह गलत व्यक्ति को संरक्षण दे रहे हैं।