भोपाल

रेनकोट पहनकर आए थे शूटर, भोपाल में 2 करोड़ की संपत्ति, 3 गोलियां और 2 मर्डर

Retired Couple Murder Case: सनसनीखेज बुजुर्ग दंपती हत्याकांड में पुलिस को CCTV में रेनकोट में संदिग्ध दिखे हैं। इस मामले में पुलिस को सुपारी किलिंग का भी शक है।
2 min read
Jul 10, 2026
Bhopal Retired Couple Murder: CCTV में रेनकोट में दिखे संदिग्ध (Photo Source - Patrika)
Bhopal Retired Couple Murder: CCTV में रेनकोट में दिखे संदिग्ध (Photo Source - Patrika)

Bhopal Retired Couple Murder: एमपी में भोपाल के ऐशबाग थाना इलाके की आंबेडकर कॉलोनी (सुदामा नगर) में हुए सनसनीखेज बुजुर्ग दंपती हत्याकांड में पुलिस ने दो मुख्य संदेहियों के फुटेज जारी किए है। पुलिस ने आरोपियों पर 50 हजार रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि आरोपियों की पहचान उजागर करने वाले का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अब तक 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल सीडीआर खंगाल चुकी है। बता दें, 26 जून की रात ऐशबाग पुलिस को हेमंत फिलेमोन (70) और उनकी पत्नी शकुंतला (70) के शव उनके घर में मिले थे। कमरे से बदबू आने पर इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ था। फॉरेंसिक जांच के मुताबिक, दोनों की हत्या 24 जून की रात 8 से 8.30 बजे के बीच दो-दो गोलियां मारकर की गई थी।

रेनकोट पहने थे शूटर, दिल्ली से साफ कराए फुटेज

पुलिस को अंदेशा है, वारदात कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का हिस्सा है। हत्यारे प्रोफेशनल थे, जिन्होंने मौके पर फिंगर प्रिंट जैसे कोई सबूत नहीं छोड़े। दोनों रेनकोट व ग्लब्स पहने नजर आ रहे हैं, जिनकी उम्र 30 से 38 वर्ष के बीच आंकी गई है। पुलिस ने दिल्ली की एक निजी विंग से फुटेज साफ करवाए हैं। बता दें कि फुटेज में दोनों युवक पहले साथ चल रहे हैष कुछ दूर जाकर अलग-अलग रास्तों पर निकल जाते हैं। फिर सुभाष नगर अंडरब्रिज के पास दोबारा मिलते हैं। इसके बाद दोनों कैमरों से ओझल हो जाते हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने तेज बारिश और रेनकोट का इस्तेमाल अपनी पहचान छिपाने के लिए किया।

चार दिन पहले अचानक लापता हो गया

तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल डेटा की जांच जारी है। पुलिस जांच में एक और तथ्य सामने आया है। दंपती के मकान में रहने वाला एक किराएदार वारदात से करीब चार दिन पहले अचानक लापता हो गया था। उसका सामान अभी भी मकान में है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मान रही है कि उससे गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सकती है। इसी दौरान एक शराब दुकान की फुटेज मिली, जिसमें संदिग्ध हुलिए का युवक शराब खरीदता दिखा। इसी आधार पर पुलिस ने एक एक की पहचान की है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

मौत से पहले 10 फोन बदले

पुलिस को मृतक दंपती के कमरे की छानबीन के दौरान एक दो नहीं बल्कि 10 डैमेज स्मार्ट फोन और मिले हैं। साथ ही, ये भी पता चला है कि, हेमंत हर 3 महीने में फोन और सिम बदल देता है। आखिर इसके पीछे क्या कारण था? और हत्या करने वाला शख्स सिर्फ दंपती के फोन ही क्यों लेकर फरार हुआ है? पुलिस की एक टीम फोन मिस्ट्री को ही केंद्र मानकर तफ्तीश कर रही है।

मोबाइल बंद करके निकले थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, हेमंत स्मार्टफोन और शकुंतला की-पैड मोबाइल इस्तेमाल किया करती थीं। आशंका है कि, आरोपी मोबाइल फोन ले जाने के इरादे से ही उन्हें साथ ले गया। दोनों फोन घटना के बाद घर के अंदर ही बंद किए गए थे और उनकी आखिरी लोकेशन भी घर ही पाई गई है।

Updated on:
10 Jul 2026 12:16 pm
Published on:
10 Jul 2026 10:44 am