भोपाल

पीएम मोदी MP में 16 नवंबर से करेंगे चुनावी शंखनाद

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल!...
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2018, 4:36 PM IST
PM MODI IN MP ELECTION
पीएम मोदी MP में 16 नवंबर से करेंगे चुनावी शंखनाद

भोपाल। देश के पांच राज्यों में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवंबर को मतदान होगा। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के बीच चुनावी तैयारियां तेज हो गईं हैं।

जानकारों की मानें तो राजस्‍थान, मध्‍यप्रदेश, छत्‍तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना में हो रहे विधानसभा चुनाव को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के चुनावों का सेमीफाइनल माना जा रहा है, क्योंकि यहीं से लोकसभा चुनाव की कई स्थितियां भी साफ होने लगेंगी।

इसी के चलते पिछले दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से बिगुल फूंक चुके हैं।

वहीं सामने आ रही सूचना के अनुसार भाजपा की ओर से अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चुनावी शंखनाद करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश में 10 सभाएं करेंगे और इसकी शुरूआत 16 नवंबर को ग्वालियर और शहडोल से की जाएगी। इसके बाद 18 नवंबर को छिंदवाड़ा और इंदौर में चुनावी सभा करेंगे।

वहीं 20 नवंबर को पीएम मोदी झाबुआ और रीवा में सभा करेंगे। फिर 23 नवंबर को मंदसौर और छतरपुर में चुनावी सभा करेंगे। 25 को विदिशा और जबलपुर में चुनावी सभाएं करेंगे। चुनाव प्रचार थमने के ठीक पहले तक प्रधानमंत्री लगभग 150 से अधिक विधानसभाओं तक पहुंचेंगे।

वहीं दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी 14 नवंबर के बाद मध्यप्रदेश में सक्रिय होंगे और उनकी भी तबातोड़ रैलियां होंगी।

इधर, चुनाव कार्यों में लापरवाही...
वहीं दूसरी ओर बैरसिया-चुनाव कार्यों में लापरवाही बरतने पर पटवारी ओमप्रकाश मालवीय को निलंबित कर दिया गया। एसडीएम राजीव नंदन श्रीवास्तव ने उन्हें निलंबित किया। जबकि वहीं 3 पटवारियों को किया कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।


इधर, कांग्रेस का वचन पत्र जारी...
चुनावों को लेकर तेजी दिखाते हुए भाजपा के चुनावी शंखनाद से पहले ही कांग्रेस ने शनिवार को अपना घोषणा पत्र जिसे वो वचनपत्र बता रही है। इसे भी जारी कर दिया है।

कांग्रेस ने 'वचनपत्र' के नाम से घोषणापत्र जारी किया, जिसमें सभी किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने की घोषणा की गयी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पत्रकारों के बीच वचनपत्र जारी किया।

112 पेज के इस वचनपत्र में कहा गया है कि दो लाख रूपए तक के किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे और इसमें किसानों के सहकारी बैंक एवं राष्ट्रीयकृत बैंकों का चालू एवं कालातीत कर्ज शामिल रहेगा।

कांग्रेस का कहना है कि मध्य प्रदेश के हर वर्ग, हर समाज, हर पीड़ित, हर शोषित और हर व्यथित के साथ-साथ एक-एक व्यक्ति और एक-एक परिवार के जीवन को हम संवारेंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरूण यादव, सुरेश पचौरी और अन्य नेता भी शामिल थे। कमलनाथ ने साफ तौर पर कहा कि यह कांग्रेस का घोषणापत्र नहीं, 'वचनपत्र' हैं। अर्थात इसमें जो भी बिंदू शामिल किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा।

Published on: