भोपाल

बिजली गुल होने पर कार्रवाई के डर से रोक दिया मेन्टेनेंस, मानसून में बढ़ेगी दिक्कत

जनता की अनदेखी: बिजली कंपनी के अफसर बचा रहे नौकरी, रखरखाव से बना रखी है दूरी

2 min read
Apr 27, 2019
बिजली गुल होने पर कार्रवाई के डर से रोक दिया मेन्टेनेंस, मानसून में बढ़ेगी दिक्कत

भोपाल. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली लाइन का मानसून पूर्व एवं नियमित मेन्टेनेंस बंद कर दिया है। राजधानी में भी लाइन, पोल, ट्रांसफार्मर और सब स्टेशन स्तर पर मेन्टेनेंस नजरअंदाज किया जा रहा है। इसकी वजह इंजीनियरों पर हुई कार्रवाई को बताया जा रहा है। कंपनी स्तर से निर्देश हैं कि लाइन कहीं भी बंद न की जाएं। जरूरी हो तो मुख्यालय से मंजूरी लें। जोन, डिवीजन और सर्कल स्तर पर इंजीनियर आपूर्ति बाधित न हो, इसमें जुटे हैं। उधर, जानकारों का कहना है कि गड़बड़ी की शुरुआत पर ही इसे दुरुस्त कर लिया जाए तो आंधी-बारिश में आपूर्ति प्रभावित नहीं होती। इसमें लापरवाही पर सप्लाई सिस्टम ध्वस्त हो सकता है।

अलग से है मेन्टेनेंस डिवीजन
बिजली लाइन रखरखाव करने के लिए अलग से मेंटेनेंस टीम है। पहले एलटी व एचटी लाइन की अलग-अलग विंग थी, लेकिन अब एचटी लाइन की टीम ही रखरखाव देखती है। भोपाल सिटी सर्कल में एचटी मेन्टेनेंस डिवीजन बनाया गया है।
बारिश के चार महीनों में नहीं होता मेन्टेनेंस
मानसून पूर्व मेंटेनेंस में शेड्यूल तय कर टूटे या कमजोर जंफर, कंडक्टर, डिस्ट इन्सुलेटर, एचटी लाइन के नीचे गार्डिंग, एबी स्विच समेत ट्रांसफार्मर में ऑयल की जांच करते हैं। लाइन से पेड़ों की अधिकतम दूरी देखते हैं। ऐसे में कंपनी को एक महीने में शहर की 3000 किमी लाइन देखनी है, ताकि बारिश में फॉल्ट न हो।

इंजीनियर्स ने एक मई का प्रदर्शन टाला
बि जली इंजीनियरों पर कार्रवाई के विरोध में मप्र यूनाइटेड फोरम फॉर पावर इंजीनियर्स के सदस्य शुक्रवार को सीएस एसआर मोहंती से मिले। मोहंती ने अपर मुख्य सचिव आइसीपी केसरी के साथ चर्चा की। इसमें बिजली कटौती न होने के निर्देश दिए। जानबूझकर बिजली गुल करने के मामलों में सख्त कार्रवाई के लिए कहा। गौरतलब है कि सीएम कमलनाथ इस पर कह चुके हैं कि यह चुनिंदा अफसरों-कर्मचारियों की सरकार की छवि खराब करने की साजिश है। इधर, फोरम के संयोजक वीकेएस परिहार ने बताया कि आपूर्ति की जमीनी हकीकत सीएस से साझा की। उन्होंने कहा कि जो इंजीनियर दोषी नहीं हैं, उनकी बहाली होगी। इस पर फोरम ने एक मई को प्रस्तावित प्रदर्शन स्थगित किया है।
अभी मेंटेनेंस बंद है, लेकिन हम पूरी बिजली लाइन पर नजर बनाए हुए हैं। ऐसे में भविष्य में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।
शिराज खान, उपमहाप्रबंधक, मेन्टेनेंस डिवीजन, विद्युत वितरण कंपनी

Updated on:
27 Apr 2019 12:49 am
Published on:
27 Apr 2019 04:04 am
Also Read
View All