
भोपाल। शिक्षा संस्थानों के मामले में कई बार विवादों की स्थिति बनी रहती है, इसमें जरा सी भी लापरवाही होने पर हमेशा सरकार और विभाग पर ही आरोप लगते है। इसी के चलते विवाद में रहने वाली प्राचार्य पर लोक शिक्षण विभाग की ओर से कड़ी कार्रवाई करते हुए एक नया संदेश देने की कोशिश की है।
दरअसल हमेशा विवादों के लिए चर्चा में रहने वाली शासकीय कमला नेहरू स्कूल की प्राचार्य निशा कामरानी को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में लोक शिक्षण विभाग ने सोमवार को आदेश जारी किए हैं।
सूत्रों के मुताबिक विभाग तक प्राचार्य के खिलाफ कई शिकायतें पहुंची थी, उन पर बोर्ड के नियमों को तोड़ मरोड़ कर अलग ढंग से लागू करने का आरोप होने के साथ ही छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से भी दुर्व्यवहार का आरोप लगा है।
वहीं पिछले दिनों कई शिक्षिकाएं उनके खिलाफ महिला आयोग में जा चुकी हैं। उन पर महिला आयोग के सामने विभाग की छवि खराब करने का भी आरोप है।
निशा कामरानी ने राज्य महिला आयोग में जाकर कहा था कि आप कहें, तो मैं दीपक को बुलाऊं, वो मेरे साथ पढ़े हैं। दरअसल, प्राचार्य शिक्षा मंत्री दीपक जोशी की बात कर रही थीं। प्राचार्या की बात सुनकर आयोग की अध्यक्ष लता वानखेड़े ने फटकार लगा दी थी। उन्होंने मंत्री दीपक जोशी का नाम सम्मान के साथ लेने को कहा था।
जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से कमला नेहरू स्कूल में प्राचार्य-शिक्षकों का विवाद गर्माया हुआ था। जिसका मुख्य कारण प्राचार्य निशा कामरानी की कार्य करने के तरीके को बताया जाता है। जिसके खिलाफ कई शिक्षिकाओं और छात्राओं ने शिकायत की थी।
वहीं प्राचार्या के खिलाफ शिक्षिका मनीषा पराशर ने कार्यस्थल पर प्रताडऩा की शिकायत महिला आयोग में की थी। हिंदी शिक्षिका किरण तिवारी ने भी प्राचार्य निशा कामरानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि चाइल्ड केयर लीव के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से छुट्टी स्वीकृत कराई थी, जिसकी प्राचार्य ने अवहेलना कर मुझे वापस स्कूल बुला लिया।
इसके बाद रजिस्टर पर उपस्थिति भी दर्ज नहीं करने देती और मानसिक रूप से परेशान करती है। छात्राओं से शिक्षिकाओं के खिलाफ चिट्ठी लिखने का दबाव डालने का भी प्राचार्य पर आरोप लगाया गया था।
प्राचार्य के खिलाफ ढेरों शिकायतों के बाद आखिरकार लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। नियमों के उल्लंघन, मनमानी, स्कूल स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार और महिला आयोग में सुनवाई के दौरान विवाद करने के चलते किया उन्हें निलंबित किया गया है। टीचर से लेकर स्टूडेंट्स तक निशा कामरानी की शिकायत कर चुके थे|