भोपाल

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का यह है रूट, जानिए कब कहां पहुंचेगी

bharat jodo nyay yatra route map- 14 जनवरी मणिपुर के इंफाल से शुरू हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा का सोमवार को दूसरा दिन है..। यह यात्रा मध्यप्रदेश में तीन मार्च को प्रवेश करेगी...।

2 min read
Jan 15, 2024
rahul-gandhi-route-map.jpg

मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस नेता राहुल गांधी ((Rahul Gandhi)) की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ((Bharat Jodo Nyay Yatra)) मार्च की शुरुआत में ही मध्यप्रदेश पहुंच जाएगी। यात्रा के तीन मार्च को आने की संभावना है। प्रस्ताविक कार्यक्रम के तहत यात्रा 9 मार्च तक रहेगी। इसमें 9 जिले कवर होंगे। मप्र यात्रा 698 किलोमीटर चलेगी।

प्रदेश कांग्रेस यात्रा मार्ग को अंतिम रूप देने में जुटी है। यात्रा राजस्थान के धौलपुर से मुरैना जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ से होते हुए राजस्थान के बांसवाड़ा जाएगी।

रविवार से शुरू हुई यात्रा में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह समेत अन्य नेता शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा की तरह यह पद यात्रा नहीं है, बल्कि रोड शो एवं सभाएं करेंगे। कुछ स्थानों पर राहुल पैदल यात्रा करेंगे। एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए वाहनों का उपयोग करेंगे।

15 राज्यों को कवर करेगी यात्रा

कांग्रेस को उम्मीद है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल बना देगी। इससे पहले राहुल की देश व्यापी भारत दोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा थी। 3500 किलोमीटर की यात्रा ने 12 राज्यों को कवर किया था। जबकि भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों को कवर करेगी।


राहुल की लांचिंग कितनी बार?

इधर, मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि राहुल गांधी की कितनी बार लांचिंग करेंगे। कैलाश विजयवर्गीय राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। विजयवर्गीय ने मीडिया से कहा कि कितनी बार लांचिंग करेंगे? 20 साल से मैं देख रहा हूं जब से राहुल गांधी राजनीति में आए हैं, तब से उनकी लांचिंग हो रही है। कभी प्रियंका गांधी की लांचिंग होती है। लेकिन, लांचिंग के बाद फिल्म पूरी तरह फ्लाप हो जाती है।

Updated on:
15 Jan 2024 11:00 am
Published on:
15 Jan 2024 10:52 am