भोपाल

कल एमपी में राहुल गांधी, प्रियंका और खरगे, कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन इधर, यहां भाजपा का अभियान

MP Congress Mega Rally in Mahu: बाबा साहेब आंबेडकर पर गरमाई सियासत, 27 जनवरी को महू में कांग्रेस की महारैली, राहुल गांधी, प्रियंका और खरगे कल एमपी में, कांग्रेस का दावा शामिल होंगे 2 लाख लोग
2 min read
Jan 26, 2025
MP Congress
एमपी में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा औऱ मल्लिकार्जुन खरगे, महू में संविधान की रक्षा के नाम पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन कल.

MP Congress Mega Rally in Mahu: बाबा साहेब आंबेडकर पर गरमाई सियासत के चलते कांग्रेस 27 जनवरी को उनकी जन्म स्थली महू में महारैली कर रही है। कांग्रेस ने जय बापू जय भीम जय संविधान रैली की तैयारियां पूरी कर ली हैं। रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी सहित दिग्गज नेता शामिल होंगे। कांग्रेस दावा कर रही है कि इस रैली में 2 लाख लोग शामिल होंगे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मोर्चा संभाल रखा है। इन नेताओं ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया।

राजनीतिक भाषण पर पहले रोक, फिर दी अनुमति

महू के वेटनरी कॉलेज मैदान पर सभा की अनुमति में शनिवार को पेंच फंसा, प्रशासन ने जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव के आवेदन पर अनुमति देते हुए शर्त में सभा के लिए अनाउंसमेंट के दौरान राजनीतिक व धर्म विरोधी भाषण न देने की शर्त जोड़ दी थी, कांग्रेस ने राजनीति शब्द पर आपत्ति ली तो प्रशासन ने अनुमति पत्र सुधारा।

इंदौर में भाजपा का अभियान समापन भी कल ही

बता दें कि उधर महू में जहां कांग्रेस महारैली का आयोजन करेगी, वहीं इंदौर में सीएम मोहन यादव इंदौर-उज्जैन संभाग के मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर में हितग्राहियों का सम्मेलन करेगी। इसमें करीब 1 लाख हितग्राही शामिल होंगे। 11 दिसंबर 2024 से शुरू हुआ मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान 26 जनवरी 2025 तक चला। 27 को इसका समापन किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वेबकास्ट से प्रसारण भी किया जाएगा। संभागायुक्त दीपक सिंह ने जिला कलेक्टरों को जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम के निर्देश दिए हैं।

    Published on:
    26 Jan 2025 09:11 am