भोपाल

धनतेरस पर ताबड़तोड़ बारिश का अलर्ट, भोपाल से इंदौर तक कई हिस्सों का बदला मौसम

Rain Alert : धनतेरस पर एक बार फिर कई क्षेत्रों का मौसम बदला है। आज शनिवार को भोपाल और इंदौर संभाग के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश की संभावना है।

less than 1 minute read
भोपाल से इंदौर तक कई हिस्सों का बदला मौसम (Photo Source- Patrika)

Rain Alert : हवाओं की रुख बदलने के साथ-साथ नमी बढ़ने से धनतेरस पर एक बार फिर मध्य प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला है। इसी के चलते आज शनिवार को प्रदेश के भोपाल और इंदौर संभाग के जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि, इससे पहले शुक्रवार को भी पूर्वी और दक्षिणी मध्य प्रदेश में बादल छाए रहे। जबकि, राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में देर शाम को हल्की बारिश भी दर्ज की गई। इनमें सबसे अधिक धार जिले में सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे के बीच हुई बारिश 6 मिलीमीटर रिकार्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आज भोपाल और इंदौर संभाग के जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है। पिछले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन और जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं बारिश दर्ज हुई। नमी के चलते दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश में बादल छाए हैं, जिससे आज हल्की और मध्यम बारिश की संभावना है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट

शुक्रवार को प्रदेश का सबसे कम तापमान नौगांव में 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान रतलाम में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सक्रिय मौसम प्रणालियां

-दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात सक्रिय है।
-शनिवार तक यह सिस्टम केरल और कर्नाटक तट पर कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है।
-अगले दो दिनों में इसके अवदाब के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है।
-श्रीलंका और उत्तरी झारखंड के आसपास भी ऊपरी हवा के चक्रवात बने हुए हैं।

Published on:
18 Oct 2025 10:18 am
Also Read
View All

अगली खबर