
भोपाल@नीलेंद्र पटेल की रिपोर्ट...
महिला सुरक्षा को लेकर तमाम तरह के दावे करने वाली एमपी पुलिस के दावे एक एक कर तार होते जा रहे हैं। दरअसल हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं कि सबसे पहले हबीबगंज स्टेशन के पास विदिशा की रहने वाली युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के बाद पुलिस कई तरह के दावे कर रही थी। लेकिन चंद दिनों की सख्ती के बाद ही पुलिस फिर ढीली पड़ गई।
इसके बाद राजधानी में फिर रेप शुरू हो गए, इसके बाद पुलिस ने फिर कार्रवाई की और अब पुरा भरोसा दिलाया कि अब ऐसा कुछ शहर में नहीं होगा, लेकिन कुछ समय बाद फिर से वहीं शुरू हो गया।
जानकारों का मानना है कि इन्हीं सब घटनाओं के चलते व पुलिस के नाकारापन के कारण भोपाल जैसा शहर महिलाओं के लिए असुरक्षित तक घोषित कर दिया गया। लेकिन फिर भी पुलिस नहीं जागी और बस यही कहती रही कि सब कंट्रोल में है। और फिर वहीं सब शुरू हो गया, लेकिन पुलिस है कि अब भी अपने कंफर्ट जोन से बाहर नहीं निकल सकी है।
इसके बाद शुक्रवार को यानि आज फिर भोपाल में एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां पहले आरोपी ने एक नाबालिग का अपहरण किया फिर उसके साथ रेप तक की घटना को अंजाम दिया, लेकिन अपहरण के बाद तक पुलिस को कुछ पता ही नहीं चला। हां ये जरूर हुआ कि रेप के बाद सूचना के चलते पुलिस ने नाबालिग को आरोपी के चंगुल से छुड़ा लिया और आरोपी को पकड़ भी लिया।
ये है मामला...
सामने आ रही जानकारी के अनुसार पहले नाबालिग का अपहरण किया गया। इसके बाद आरोपी ने गुरुवार रात को उसे शादी का झांसा देते हुए रेप किया। इसकी सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने लड़की को आरोपी के चंगुल से मुक्त कराया।
बैरसिया थाने से मिली जानकारी के मुताबिक इस पूरे मामले में भोला नामदेव नामक युवक मुख्य आरोपी है। जिसके खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण सहित पास्को एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं...
इससे पहले अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के एक होटल में लड़की बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और एमएमएस बनाने का मामला सामने आया था। मिली जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर की रहने वाली युवती के साथ उत्तरप्रदेश के रहने वाले एक युवक ने भोपाल स्थित अशोका गार्डन स्थित होटल में दुष्कर्म किया और युवती का एमएमएस बनाकर वायरल कर दिया। युवती को एमएमएस वायरल होने का पता लगते ही उसने नरसिंहपुर थाने में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। नरसिंहपुर पुलिस ने मामला दर्ज, केस डायरी अशोका गार्डन थाना पुलिस को सौंपी है।
एक शादी समारोह में हुई थी दोस्ती
अशोका गार्डन थाना पुलिस के मुताबिक, फरियादी युवती (19) की शिकायत पर आरोपी अमित वर्मा निवासी लखनउ उत्तर प्रदेश के खिलाफ धारा 363, 366, 376, 382, 67, 68 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरियादी युवती नरसिंहपुर की रहने वाली है और बीटेक की छात्रा है। वर्ष 2016 में लखनऊ में एक शादी समारोह के दौरान फरियादी की मुलाकाता आरोपी अमित से हुई थी। इसके बाद से दोनों में गहरी दोस्ती हो गई।
रेप के बाद एमएमएस वायरल
पुलिस ने बताया कि बीते 4 सितंबर को अमित वर्मा, फरियादी को अशोका गार्डन स्थित एक होटल में लेकर आया था। यहां पर उसने युवती के साथ दुष्कर्म कर उसके एमएमएस बनाया था। अमित वर्मा ने युवती का एमएमएस अपने एक दोस्त को भेजे। वह दोस्त युवती के पिता का परिचित था। उसने इस फोटोज को युवती के पिता को दिखाया।
जब युवती के पिता ने उससे इस बारे में पूछा, तो युवती ने पूरी सच्चाई अपने पिता को बताई। इसके बाद पिता और बेटी ने नरसिंहपुर में आरोपी अमित वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।