धनतेरस पर शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक अपने चरम पर रही। न्यू मार्केट, चौक बाजार, दस नंबर मार्केट सहित प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में देर रात तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। लोगों ने सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और पूजन सामग्री की खरीदारी की। दुकानों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। घरों के मुख्य द्वार पर दीप जलाकर मां लक्ष्मी और धनवंतरी देव का स्वागत किया गया। शाम ढलते ही शहर के अलग-अलग इलाकों में दीपों की रोशनी और आतिशबाजी से त्योहार का माहौल बन गया।