
भोपाल. काले धन के नाम पर शुरू किए गए 2000 के नोट की छपाई केंद्र सरकार बंद करने जा रही है। सरकार की तरफ से रिजर्व बैंक ने मध्यप्रदेश की सभी बैंकों को निर्देश भेजकर साफ कहा है कि अगले कुछ महीनों के नोट की छपाई बंद की जा रही है। इस दौरान होने वाली परेशानियों के लिए बैंकों को अपने स्तर पर इंतजाम करने के लिए कहा गया है। साफ कहा गया है कि बड़े नोटों की जगह छोटे नोटों को प्रसार में लाने का इंतजाम बैंक करें।
मध्यप्रदेश की लीड बैंक के वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रदेश की सभी बैंकों को इस संबंध में निर्देश मिल गए हैं। जिसमें साफ कहा गया है कि अगले तीन महीने तक 2000 के नोट की छपाई नहीं होगी। इसके पीछे की वजह को जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि बैंकों के चलन में बड़े नोट हैं। इन नोटों की वजह से बाजार में चिल्लर और छोटे नोटों की समस्या खड़ी हो गई है। बैंक और कारोबारी दोनों ही इस परेशानी से जूझ रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि समस्या का समाधान निकाला जाए।
मध्यप्रदेश को मिलेंगे 200 के नोट
उन्होंने बताया कि नए नोटों की सप्लाई में तय हुआ है कि मध्यप्रदेश के खाते में 200 के नोटों की सप्लाई होगी। इन नोटों के आने के बाद ही बाजार में छोटे नोटों की समस्या से निजात पाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश की सभी बैंकों के पास इस संबंध में निर्देश पहुंच गए हैं। बैंकों के पास छोटे नोटों की व्यवस्था करने का जिम्मा भी सभी जिलों में लीड बैंकों को दिया गया है। ऐसे में हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बैंकों में पर्याप्त रूप से रुपया मौजूद रहे। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। पूरी कोशिश छोटे नोटों को बाजार में भेजने की है। मध्यप्रदेश में वैसे भी छोटे नोटों की किल्लत दूसरे राज्यों से ज्यादा है। नोट की छपाई बंद करने की वजह पर उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक इन महीनों में छोटे नोटों की छपाई पर ध्यान देगी।
न्यू मार्केट के सर्राफा कारोबारी राकेश शर्मा का कहना है कि बाजार में दो हजार का नोट ज्यादा प्रचलन में है, जिसके कारण छोटे नोटों की समस्या खड़ी हो गई है। आॅनलाइन ट्रांजेक्शन पर लगने वाले चार्ज के कारण अभी खरीददार उसके प्रति आकर्षित नहीं हो रहा है। छोटे नोटों की जरूरत तभी पूरी हो सकती है जब बैंक छोटे नोट मुहैया कराए। पांच सौ, दो सौ और सौ रुपए के नोट बमुश्किल मिल रहे हैं।
तीन महीने के लिए रोकी 2000 के नोटों की छपाई
आरबीआइ ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि वे कैश काउंटर से किसी भी ग्राहक को बड़े नोट की आपूर्ति न करें। 2000 और 500 रुपए के नोट केवल एटीएम में ही डालें। बता दें, अभी 2000 और 500 रुपए के नोट की छपाई नहीं हो रही है। अगले तीन माह तक नए नोट आने की उम्मीद नहीं है। नोटों की किल्लत न हो इसलिए आरबीआइ ने फिलहाल बड़े नोट कैश काउंटर से नहीं देने को कहा है। आरबीआई ने 2000 के नोटों की छपाई को तीन महीने के लिए रोका है।
खुल्ले पैसों की होती है दिक्कत
न्यू मार्केट में सुरेश के मुताबिक उन्हें खुल्ले की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अधिकतर लोग 500 रुपए का नोट लेकर आते थे। रिजर्व बैंक के नए निर्देश के बाद छोटे नोटों का चलन बढ़ेगा, जिससे छोटा-मोटा सामान लेने के लिए 20, 50, 100 और 200 के नोट बाजार में ज्यादा चलेंगे। अभी कई बार 150 रुपए ढाई सौ रुपए के लिए डेबिट कार्ड से पैसा लेना पड़ता था। हालांकि केशलेस ट्रांजेक्शन में दिक्कत बिल्कुल नहीं होती।
जब्त किए गए नकली नोट
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी की घोषणा किए जाने के बाद चलन में आए 2000 रुपए के नकली नोट 53 दिनों के अंदर ही बंद हो गए। यह खुलासा नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की 30 नवंबर को जारी रिपोर्ट में हुआ। इस सालाना रिपोर्ट को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जारी किया। रिपोर्ट के मुताबिक, 2016 में 2000 रुपए के 2,272 नकली नोट पकड़े गए थे। ये नोट नोटबंदी के केवल 53 दिनों के अंदर यानी 8 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच पुलिस और अन्य सरकारी एजेंसियों की मदद से जब्त किए गए। 2000 के सबसे ज्यादा 1300 नकली नोट गुजरात में पकड़े गए। इसके बाद पंजाब में 548, कर्नाटक में 254, तेलंगाना में 114, महाराष्ट्र में 27, मध्य प्रदेश में 8, राजस्थान में 6 और आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश व हरियाणा तीनों राज्यों में 3 नकली नोट जब्त किए गए। जम्मू-कश्मीर और केरल दोनों जगह दो नकली नोट पकड़े गए, वहीं मणिपुर और ओडिशा में 1-1 नोट जब्त किया गया।