र्व मुख्यमंत्री ने दी प्रधानमंत्री को दी खुली चुनौती
भोपाल. पुलवामा अटैक को दुर्घटना बताने पर भाजपा के निशाने पर आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर मोदी सरकार को चुनौती दी है। दिग्विजय ने लिखा है, आपने और आपके तीन मंत्रियों ने मुझ पर कई आरोप लगाए हैं। आपके नेता मुझ पर देशद्रोह का मुकदमा दायर करना चाहते हैं। मेरे जिस ट्वीट पर आप और आपके मंत्री मुझे पाकिस्तान समर्थक और देशद्रोही मानते हैं, वह मैंने दिल्ली से किया था, जहां की पुलिस केंद्र सरकार के अंतर्गत आती है। आप में साहस है तो मेरे ऊपर मुकदमा दायर करें।
दिग्विजय ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का वह बयान भी पोस्ट किया है, जिसमें वे पुलवामा अटैक को बड़ी दुर्घटना बता रहे हैं। दिग्विजय ने लिखा कि कृपया मौर्य का बयान सुनें। मोदी व उनके मंत्रीगण मौर्य के बारे में कुछ कहना चाहेंगे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट कर वायुसेना प्रमुख को निशाने पर ले लिया। यादव ने लिखा, अरे यार आप क्यों राजनीति में पड़ रहे हो। वायुसेना प्रमुख ने बयान दिया था कि हम टारगेट उड़ाते हैं, लाशें नहीं गिनते।
- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल नाराज
एयर स्ट्राइक पर की गई दिग्विजय की बयानबाजी पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी नाराज हैं। उन्होंने सोच समझकर बोलने की हिदायत दी है। मंगलवार देर शाम दिग्विजय और मुख्यमंत्री के कमलनाथ के बीच वल्लभ भवन में एक घंटे से ज्यादा चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच राहुल की आपत्ति और इस बयानबाजी को लेकर बात हुई। राहुल की हिदायत के बाद दिग्विजय ने जो ट्वीट किए हैं, उनमें सीधे प्रधानमंत्री को निशाने पर लिया है।
- टिप्पणी के लायक नहीं दिग्विजय
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय के बयान पर कहा कि जो व्यक्ति आतंकियों के कृत्य को महिमा मंडित करता हो, सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाता हो, उसके बयान पर टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है।