भोपाल

पढ़ें, किसानों ने खेतों में सडऩे के लिए क्यों छोड़ दी लाखों रुपए की फसल

मुलताई, पट्टन, भैंसदेही सहित बैतूल क्षेत्र में किसान बहुतायत में पत्ता गोभी का उत्पादन करते हैं, लेकिन इस साल पत्तागोभी के दाम औंधे मुंह गिरने के कारण किसानों को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

2 min read
Jan 29, 2023
खेतों में बर्बाद हो रही पत्ता गोभी की फसल
Cabbage crop getting wasted in the fields

बैतूल। मुलताई, पट्टन, भैंसदेही सहित बैतूल क्षेत्र में किसान बहुतायत में पत्ता गोभी का उत्पादन करते हैं, लेकिन इस साल पत्तागोभी के दाम औंधे मुंह गिरने के कारण किसानों को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि खेतों से पत्तागोभी की कटाई की लागत तक नहीं निकल पा रही है। ऐसे में किसानों ने पत्तागोभी को खेतों में ही सडऩे और आवारा मवेशियों के लिए छोड़ दी है। इधर रविवार को बैतूल के साप्ताहिक बाजार में पत्तागोभी प्रति किलो की जगह प्रति फूल 5 रुपए किलो तक बिकी।


मांग और आपूर्ति में अंतर की वजह से बनी यह स्थिति
मांग और आपूर्ति के बीच में बड़ा अंतर आने के कारण पत्तागोभी की फसल के साथ यह स्थिति निर्मित होना बताया जा रहा है। बताया गया कि जिले में मांग से ज्यादा आपूर्ति होने के कारण पत्ता गोभी के रेट गिरे हैं। कुछ साल पहले पत्तागोभी का उत्पादन जिले के सिमित क्षेत्रों में ही हुआ करता था, लेकिन अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में बहुत से किसानों ने पत्तागोभी का उत्पादन करना शुरू कर दिया। वर्तमान में भैंसदेही, बैतूल, पट्टन, मुलताई, सूरगांव, शाहपुर आदि क्षेत्रों में किसान पत्तागोभी का उत्पादन कर रहे है। बहुतायत में उत्पादन होने के कारण पत्तागोभी के दाम औंधे मुंह गिर गए हैं। किसानों ने कहना है कि खेत से पत्तागोभी की कटाई करने में पर लागत भी नहीं निकल पा रही है। ऐसे में किसानों के लिए अधिक उत्पादन ही उनकी परेशानी का कारण बन गया है।


60 टन प्रति हेक्टेयर उत्पादन
बैतूल जिले में करीब डेढ़ हजार हेक्टेयर क्षेत्र में पत्तागोभी का उत्पादन किसान करते हैं। प्रति हेक्टेयर 60 टन तक किसानों को पत्तागोभी का उत्पादन होता है। विगत कुछ वर्षों में यह उत्पादन भी बढ़ गया है। ऐसे में पत्तागोभी का अधिक उत्पादन होने के कारण ही यह समस्या खड़ी हो गई है। अभी कुछ दिनों पहले मुलताईक्षेत्र के किसानों ने पत्तागोभी सड़क पर फेंककर विरोध प्रदर्शन किया था। जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने किसानों का नेतृत्व करते हुए पत्तागोभी के उचित दाम दिलाए जाने की मांग की थी। हर साल इस स्थिति के चलते किसानों को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Published on:
29 Jan 2023 09:16 pm