भोपाल

Bhopal news: ‘मैं बिजली विभाग से बोल रहा…’, वीडियो कॉल की , फिर खाते से निकाले 1.13 लाख रुपए

Cyber crime: साइबर ठग ने बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर 76 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी से बिजली बिल अपडेट के नाम पर ठगी की।
2 min read
Aug 31, 2026
Cyber crime: अफसर से ठगे 1.13 लाख रुपए (Photo Source -freepik)
Cyber crime: अफसर से ठगे 1.13 लाख रुपए (Photo Source -freepik)

Bhopal news: क्रेडिट कार्ड अपडेट और बिजली बिल भुगतान के नाम से एमपी के भोपाल शहर में साइबर ठगों ने कई लोगों को निशाना बनाया है। इसके बावजूद जालसाजों के निशाने पर आए दिन कोई न कोई फंस जा रहा है। बीते दिन कोहेफिजा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का केस दर्ज हुआ है। इसमें भी ठग ने बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर 76 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी को फोन किया और बिजली बिल में सुधार के नाम पर वॉट्सऐप पर लिंक भेज दी। इसके बाद उनके बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग के जरिए 1 लाख 13 हजार 900 रुपए ट्रांसफर कर लिए। शिकायत पर कोहेफिजा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वीडियो कॉल पर समझाई प्रक्रिया

ठग ने बिल ठीक करने की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उनके वॉट्सऐप नंबर पर एक लिंक भेजी। लिंक उनके मोबाइल में डाउनलोड नहीं हुई तो आरोपी ने वीडियो कॉल कर प्रक्रिया समझाई। इसके बाद उसने पीड़ित की पत्नी के मोबाइल पर भी लिंक भेजने कहा। वहां लिंक डाउनलोड होने के बाद ठग ने 12 रुपए फीस जमा करने की बात कही। बुजुर्ग ने पहले एटीएम कार्ड और फिर फोन-पे से भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन रकम जमा नहीं हुई। इसके बाद आरोपी ने वॉट्सऐप पर यूपीआइ आइडी भेजी और भुगतान करने के लिए कहा। आरोपी के निर्देशों पर संदेह होने पर महेंद्र ने वीडियो कॉल काट दी।

कनेक्शन में अपडेट कराने का दिया झांसा

पुलिस ने बताया, गोल्फ लिंक फेस-2, गुफा मंदिर रोड निवासी महेन्द्र कुमार गुप्ता (76) एमपीईबी में एसई के पद से वर्ष 2009 में सेवानिवृत्त हुए है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की शाम 6:30 से 7 बजे उनके मोबाइलपर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया था। कहा कि उन्होंने 1918 रुपए का बिजली भुगतान किया था, लेकिन पुराना आइवीआरएस नंबर बदलने के कारण भुगतान नए कनेक्शन में अपडेट नहीं हुआ है।

इंटरनेट बैंकिंग से निकाले रुपए

कुछ देर बाद उन्होंने मोबाइल में बैंक के मैसेज और ट्रांजेक्शन देखे तो पता चला कि उनके एसबीआइ सुल्तानिया रोड शाखा के खाते से 1,13,900 रुपए इंटरनेट बैंकिंग के जरिए ट्रांसफर हो चुके हैं। आरोपी ने बाद में वॉट्सऐप पर भेजे गए लिंक और मैसेज भी डिलीट कर दिए। ठगी का शक होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। इसके बाद 23 अगस्त को कोहेफिजा थाने में लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और रकम किस खाते में गई इस आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
31 Aug 2026 11:53 am
Published on:
31 Aug 2026 11:53 am