
Bhopal news: शुगर की बीमारी अब सिर्फ उम्रदराज लोगों तक सीमित नहीं है। गर्भ में पल रहे बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक इसकी चुनौती अलग-अलग रूप में सामने आ रही है। गर्भावस्था में मां की शुगर बढ़ने से गर्भस्थ शिशु की सेहत भी खतरे में पड़ सकती है। बच्चों में मधुमेह का प्रबंधन, युवाओं में मोटापा और मरीजों में पैरों के घाव से लेकर दूसरे अंगों को नुकसान पहुंचना गंभीर चिंता का विषय है। विश्व मधुमेह दिवस पर एम्स भोपाल में विशेषज्ञों ने जीवन के अलग-अलग पड़ाव में मधुमेह के खतरों, जटिलताओं और बचाव के उपायों पर चर्चा की।
विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भावस्था में रक्त शर्करा नियंत्रित रखना जरूरी है। इसके लिए जरूरत पड़ने पर इंसुलिन दिया जाता है। डिलीवरी के बाद भी महिलाओं की नियमित जांच जरूरी है, क्योंकि गर्भावस्था में मधुमेह होने पर भविष्य में भी बीमारी का खतरा बना रहता है।
अब तक बड़ों की बीमारी मानी जाने वाली टाइप-2 डायबिटीज' ने अब मासूम बचपन को भी अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों हमीदिया (जीएमसी), एम्स और जेपी की ओपीडी में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। जहां पहले 10 साल से कम उम्र के बच्चों में केवल ऑटोइम्यून बीमारी यानी टाइप-1 डायबिटीज ही देखी जाती थी, वहीं अब बदलती जीवनशैली के कारण टाइप-2 डायबिटीज और फैटी लिवर जैसी गंभीर समस्याएं भी आम हो गई हैं। चिकित्सकों के अनुसार, पिछले चार से पांच वर्षों में बच्चों में मधुमेह के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है। एक अनुमान के मुताबिक, करीब दो प्रतिशत बच्चे टाइप-2 डायबिटीज की चपेट में हैं। अकेले भोपाल के अस्पतालों में प्रतिदिन 8 से 10 बच्चे डायबिटीज के उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि हर महीने एक ही डॉक्टर के पास 10-15 नए टाइप-2 के बाल मरीज सामने आ रहे हैं।
कार्यक्रम में वजन घटाने की नई दवाओं और मोटापे के प्रबंधन पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि मधुमेह में पैरों के घाव और संक्रमण को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर अंगों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। बच्चों में मधुमेह के प्रबंधन पर भी चर्चा की गई।
एम्स के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल (सेवानिवृत्त) ने चिकित्सकीय सलाह और नियमित निगरानी का पालन करने की अपील की। विशेषज्ञों ने गर्भवती महिलाओं और 30 वर्ष या अधिक उम्र के लोगों की नियमित जांच पर जोर दिया।