
हाइब्रिड वर्क मॉडल, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
Bhopal news: मध्यप्रदेश शहर की शिवानी (बदला नाम) बेंगलुरू में एक आइटी कम्पनी में जॉब करती हैं। दिवाली पर एक साल बाद घर आना हुआ। परिवार ने शादी की बात शुरू की और कुछ दिन छुट्टी लेने के लिए कहा। शिवानी ने परिवार के साथ लम्बा समय बिताने के लिए जुगत निकाली और वर्क फ्रॉम होम के लिए आवेदन कर दिया। तीसरे दिन ही उन्हें इसकी अनुमति मिल गई है। अब वे दिसम्बर तक घर पर ही रहकर काम कर सकती हैं। आगे भी इसे बढ़ाने का विकल्प उनके पास है।
युवाओं में जॉब को लेकर यह नया हाइब्रिड मॉडल कोरोना काल से चलन में आया था जो अब उनके लिए निजी जीवन में संतुलन बनाने में सहायक हो रहा है। शिवानी जैसे अन्य युवा भी इस ट्रेंड को अपना रहे हैं। दिवाली की छुट्टियों के बाद आइटी और कॉर्पोरेट सेक्टर से जुड़े यूथ और ऑफिसों में कामकाज पटरी पर लौट आया है, पर जेन-जी की लाइफस्टाइल या 'स्लो रिटर्न टू वर्क' का तरीका अपना रहा है।
शहर के प्रमुख आइटी और कॉर्पोरेट सेक्टर के एचआर व मैनेजमेंट के अनुसार, कंपनियों में हाइब्रिड मॉडल की मांग 40 से 45 फीसदी तक बढ़ी जरूर है, लेकिन नियोक्ता अभी भी उत्पादकता और कार्यालयीन अनुशासन को लेकर सतर्क हैं। मैनिट की प्लेसमेंट सेल की प्रमुख प्रो. अरुणा सक्सेना का कहना है कि 'स्लो रिटर्न' एक सामान्य प्रक्रिया है. लेकिन रिमोट और हाइब्रिड वर्किंग बिल्कुल अलग अवधारणाएं हैं। कंपनियों ने दो साल में करीब 30 फीसदी तक बढ़ाया है, जो आगे चलकर व्यावसायिक जरूरतों के हिसाब से और अधिक प्रभावी होगा।
आइटी कंसल्टेंट रोहित चड्ढा बताते हैं कि डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने से छोटे शहरों में रहकर महानगरों की कंपनियों के लिए काम करने वाले युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। इससे प्रदेश से होने वाली प्रतिभा पलायन पर भी लगाम लगी है। एसीसीए सर्वे 2026 के मुताबिक, 79% भारतीय फाइनेंस प्रोफेशनल्स को हाइब्रिड वर्किंग मॉडल पसंद है, जबकि 53% प्रोफेशनल्स पहले से ही इस मॉडल के तहत काम कर रहे हैं।
मैनिट से पढ़ाई कर चुकीं और आईटी सेक्टर में बेहतरीन पैकेज पर काम कर रहीं अर्निका चतुर्वेदी का मानना है कि वर्क-लाइफ बैलेंस से मानसिक तनाव कम होता है और कार्यक्षमता बढ़ती है। भोपाल के जो युवा हाल के सालों में आईटी या फाइनेंस सेक्टर से जुड़े हैं, उनमें से 50-60 फीसदी युवा अपने गृह नगर में रहकर ही मेट्रो शहरों के बराबर वेतन और करियर ग्रोथ चाहते हैं, ताकि वे परिवार के साथ रहकर कमाई भी कर सकें। शहर की युवा बिजनेस वुमन ऋषिका आहूजा का कहना है कि त्योहारों और पारिवारिक अवसरों पर वर्क फ्रॉम होम या हाइब्रिड सुविधा मिलने से यूथ में कंपनी के प्रति लॉयल्टी बढ़ती है। आज का जेन-जी काम के घंटों में लचीलापन चाहता है और अनावश्यक मीटिंग्स से बचना चाहता है, जिसमें ये मॉडल्स काफी मददगार साबित हो रहे हैं।
अत्यधिक संभावनाः आईटी, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डिजिटल मार्केटिंग, कंटेंट क्रिएशन और डेटा एनालिटिक्स।
हाइब्रिडः फिनटेक, बैंकिंग बैंक-एंड, कंसल्टिंग, एचआर रिक्रूटमेंट और ई-कॉमर्स।
ऑफिस अनिवार्यः मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, रिटेल और फ्रंट डेस्क सेवाएं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
15 Nov 2026, 11:15 AM IST
Published on:
15 Nov 2026, 11:15 AM IST
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़




