सत्ता हासिल करने के लिए समाजवादी पार्टी ने बनाई बड़ी रणनीति, जल्द हो सकती है बैठक
भोपालः मध्य प्रदेश में जैसे जैसे विधानसभा चुनाव की तारीखें नज़दीक आती जा रही हैं, वैसे वैसे यहां राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। एक तरफ जहां, भाजपा ने चुनाव के लिए अपनी कमर कस ली है, तो वहीं प्रदेश का मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी दिन ब दिन जमकर प्रहार करके प्रदेश से भाजपा की कुर्सी हिलाने के लिए ऐड़ी चोटी का ज़ोर लगा रही है। इसी कड़ी में अब समाजवादी पार्टी भी पूरे दमखम के साथ प्रदेश में चुनावी मोड में आ गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को मध्य प्रदेश दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान अखिलेश यादव विंध्य के शहडोल जिले से चुनावी बिगुल फूंकेंगे। माना जा रहा है कि, इस इलाके में भाजपा और कांग्रेस दोनो की ही पकड़ कमज़ोर हुई है, इसी का लाभ उठाते हुए सपा अपना चुनावी शंखनाद यहां से शुरु करने जा रही है।
शाह ने दी नज़र रखने की सलाह!
राजनीतिक जानकारों की माने तो, सपा द्वारा प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में आज कराई जा रही अखिलेश यादव की सभा पर प्रदेश में सक्रीय भाजपा और कांग्रेस के अलावा सभी राजनीतिक दलों की नज़रें हैं। खासकर भाजपा और कांग्रेस को इस इलाके में अपनी पकड़ का अंदाज़ा है। इसी के चलते दोनो ही पार्टियों में अखिलेश के द्वारा लगाए जाने वाले दाव पर नज़र रहेगी। भाजपा के सूत्रों की माने तो, अमित शाह ने भी प्रदेश के आला नेताओं से अखिलेश के भाषण पर नज़र बनाकर रखने की बात कही है। संभव है कि, प्रदेश भाजपा के नेताओं को इसपर चर्चा के लिए दिल्ली भी बुलाया जाए।
गोंगपा के साथ मंच साझा करेगी सपा
आज प्रदेश दौरे पर आ रहे सपा प्रमुख अखिलेश यादव गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के साथ मिलकर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यह सभा शहडोल के टेक्निकल ग्राउंड में आयोजित की गई है। इस दौरान उनके साथ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरा सिंह मरकाम भी होंगे। सपा के सूत्रों के अनुसार,अखिलेश मध्य प्रदेश के चुनाव के लिए गठबंधन की संभावनाएं टटोल रही है। हालांकि, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के साथ उनके गठबंधन की अटकलें भी बीच में काफी गर्म रहीं, जिसपर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने इसपर बयान जारी करते हुए कहा था कि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव से इसपर बात भी हो चुकी है, लेकिन अब तक प्रदेश में गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टी नहीं की गई है। इससे अभी इन अटकलों पर पर्दा जस के तस पड़ा हुआ है।
पहले भी आ चुकी हैं गठबंधन की खबरें
इससे पहले एमपी में सपा और बसपा के गठबंधन की खबरें भी काफी सुर्खियों में रहीं, लेकिन अचानक बसपा की तरफ से स्वतंत्र चुनाव लड़ने की पुष्टी ने इन अटकलों को लगभग खारिज कर दिया। इसके बाद अब समाजवादी पार्टी ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की बात की है, जिसके बाद आज यह दोनो ही पार्टियां एक साथ मंच साझा करते हुए साझा चुनाव लड़ने की आधिकारिक पुष्टी कर सकती हैं।