भोपाल

बच्चों में आए देशभक्ति के संस्कार, इसलिए कराया जयंती महोत्सव का संचालन

सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती पर गुजराती समाज भवन में हुआ आयोजन, समाज द्वारा संचालित स्कूल के बच्चों ने संभाली कार्यक्रम की बागडोर
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2018, 4:01 AM IST
Sardar Vallabh Bhai Patel Jayanti
Sardar Vallabh Bhai Patel Jayanti

भोपाल। गुजराती समाज भवन में बुधवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती बुधवार को धूमधाम से मनाई गई। इस कार्यक्रम की खासियत यह रही कि समाज के वरिष्ठ लोगों ने इस कार्यक्रम की बागडौर समाज की ओर से संचालित स्कूल के बच्चों को सौपी। इसमें बच्चों ने भी माल्यार्पण किया, दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और सभी जरुरी व्यवस्थाओं में भागीदारी निभाई। इस मौके पर समाज द्वारा संकल्प लिया गया कि समाज भवन प्रांगण में 10 लाख रुपए की लागत से सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए कार्यक्रम के दौरान 1 लाख रुपए का डोनेशन भी मिल गया है।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान गुजराती समाज के बच्चों ने कार्यक्रम का बेहतर संचालन किया। सचिव हेमंत वोरा ने बताया कि बच्चों में अच्छे संस्कार, देशभक्ति की भावना जागृत हो इसलिए इस बार जयंती का आयोजन बच्चों द्वारा कराया गया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिस तरह सरकार पटेल ने जाति व्यवस्था से हटकर सबकों जोड़ते हुए कार्य किया है, उसी तरह हम भी उनके रास्ते पर आगे बढ़े। उन्होंने बताया कि समाज की ओर से प्रयास है कि आगामी 3 से 4 माह में भवन प्रांगण में प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके लिए भी संकल्प लिया गया, साथ ही डोनेशन भी मिलना शुरू हो गया है। वोरा ने बताया कि भोपाल गुजराती समाज के अध्यक्ष संजय पटेल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेने गुजरात के केवडिय़ा कॉलोनी गए हुए हैं।

प्रोजेक्टर पर दिखाई गाथा, कई कार्यक्रमों की प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को प्रोजेक्टर पर सरदार पटेल के जीवन दर्शन पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसमें उनकी जीवनगाथा दिखाई गई। इसी प्रकार हाईस्कूल के बच्चों द्वारा सरदार पटेल के जीवन पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को पुरस्कार भी वितरित किए गए। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन महिला मंडल उपप्रमुख अर्चना व्यास ने किया।

कुर्मवंशी समाज विकास संगठन ने भी मनाई जयंती
अखंड भारत के निर्माता सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती कुर्मवंशी समाज विकास संगठन ने भी मनाई। इस मौके पर वल्लभ भवन के सामने पार्क में स्थापित प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण किया गया, और उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर संगठन ने सरदार पटेल के जीवन पर आधारित एक स्मारिका का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में बहादुर सिंह लोधी, केपी कुर्मवंशी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Published on: