
भोपाल। प्रदेश में अगले साल जून तक एक लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां कर दी जाएंगी। प्रदेश के करीब 16 सरकारी विभागों से खाली पदों की जानकारी मांगी गई है। इस सिलसिले में विभागों में भी कवायद तेज हो गई है। सरकारी नौकरी (sarkari naukri) के इच्छुक बेरोजगारों को इसके लिए तैयारी अभी से कर लेना चाहिए।
सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने शुरू हुई कवायद के तहत परीक्षण का दौर शुरू हुआ है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों से जानकारी मांगी थी। विभागों ने उसे भेज दिया है। इसी आधार पर बैठकें शुरू हुई हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (shivraj singh chauhan) की घोषणा के बाद सभी विभागों में रिक्त पदों को लेकर कवायद तेज हुई है।
सरकार का प्रयास है कि जून 2023 तक सभी रिक्त पदों को भर लिया जाए। स्वास्थ्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पीएचई, जल संसाधन इत्यादि विभाग में ज्यादा पद खाली हैं। कई में आउटसोर्स, संविदा, दैनिक वेतनभोगियों के सहारे काम चल रहा है। उधर, कर्मचारियों ने दबाव बनाया है कि पहले संविदा और दैनिक वेतनभोगियों को नियमित किया जाए।
कमलनाथ बोले- विभाग में ढाई हजार से ज्यादा पद खाली
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (kamal nath) ने कहा है कि सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी के लगभग 2675 पद वर्तमान में रिक्त हैं और पशुपालन विभाग में भर्ती नहीं की जा रही। प्रदेश में गोवंश में लम्पी बीमारी फैल रही है। इससे हजारों गोवंश पीड़ित है। वैक्सीनेशन के लिए अमला होना चाहिए, लेकिन विभाग में हजारों पद खाली हैं।
पहले हमें नियमित करो
सरकार की ओर से एक लाख से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की पहल का स्वागत करते हुए मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव उमाशंकर तिवारी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि हर विभाग में जो कर्मचारी संविदा, अस्थाई कर्मी और दैनिक वेतन भोगी के रूप में वर्षों से कार्य कर रहे हैं, उन्हें रिक्त पदों पर प्राथमिकता से नियमित किया जाना चाहिए। इसके बाद ही शेष पदों पर नई भर्ती की जाना चाहिए।
जानकारी देने का अंतिम दिन
मध्यप्रदेश में हजारों अस्थाई, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं जो कई वर्षों से सरकारी दफ्तरों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हर बार नए लोगों को भर्ती कर लिया जाता है, लेकिन यह लोग अब तक स्थाई नहीं हो पा रहे हैं। इस बार प्रदेश के सभी अस्थाई, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी एकजुट होने लगे हैं। उनका कहना है कि सरकार भर्ती की जो प्रक्रिया शुरू कर रही है उसमें कितने अस्थाई कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा, यह भी बताना चाहिए। सामान्य प्रशासन विभाग ने 18 अगस्त 2022 को जारी आदेश में 54 विभागों से रिक्त पदों को लेकर 23, 24 और 25 अगस्त को जानकारी मांगी है। विभागों द्वारा इन 3 दिनों में रिक्त पदों की जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग को दी जाएगी।
14 हजार शिक्षक भी होंगे भर्ती
MP Teacher Vacancy 2022: मध्यप्रदेश के शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती होना है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। वर्तमान में करीब एक लाख पद खाली हैं। ऐसे में सरकार फिलहाल 14 हजार शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है। इसके लिए शिक्षा विभाग में प्रक्रिया चल रही है। सरकार 9 हजार उच्च माध्यमिक शिक्षक और 5 हजार माध्यमिक शिक्षकों की भर्ती करने वाली है। इसके अलावा अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के मामले में भी सरकार कुछ नियम बदलने वाली है।