भोपाल

ठगों का मकड़जाल मोबाइल हैक, सोशल मीडिया पर मैसेज और एआई की अश्लील तस्वीरों से ठगी के पैंतरे अजमा रहे

साइबर ठग अब सिर्फ फर्जी कॉल और लिंक भेजकर लोगों को निशाना नहीं बना रहे, बल्कि मोबाइल हैकिंग, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को भी ठगी का हथियार बना रहे हैं। कभी मोबाइल पर कब्जा कर…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:03 PM IST
Cyber Fraud

तत्कालीन पीडब्ल्यूडी ईई से लेकर छात्र और कर्मचारियों तक को निशाना बनाने की कोशिश, मोबाइल पर कब्जा कर परिचितों से मांगे रुपए, एआई से बनाई निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग की कोशिश, ऑनलाइन लेनदेन बढ़ने के साथ ठग बदल रहे ठगी के तरीके

गुना. साइबर ठग अब सिर्फ फर्जी कॉल और लिंक भेजकर लोगों को निशाना नहीं बना रहे, बल्कि मोबाइल हैकिंग, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को भी ठगी का हथियार बना रहे हैं। कभी मोबाइल पर कब्जा कर परिचितों से रुपए मांगे जा रहे हैं तो कभी एआई से अश्लील तस्वीरें तैयार कर ब्लैकमेल किया जा रहा है। शहर में सामने आए तीन मामलों ने साइबर अपराध के बदलते तौर-तरीकों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

यह तीन मामले, पिछले 10 दिन में आए सामने

पहला मामला:- पीडब्ल्यूडी के तत्कालीन कार्यपालन यंत्री (ईई) का है। ठगों ने 24 नवंबर को उनका मोबाइल हैक कर करीब 12 घंटे तक नेटवर्क से दूर कर दिया। इस दौरान उनके सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए परिचितों, रिश्तेदारों और सोशल मीडिया के दोस्तों को मैसेज भेजकर 30 हजार रुपए की मांग की गई। कुछ लोगों ने फोन लगाकर इसकी पुष्टि करना चाही, लेकिन मोबाइल बंद मिला। यानी ठगों ने मोबाइल और सोशल मीडिया पर कब्जा कर ऐसा माहौल बनाया कि परिचितों को भी ठगी का शक नहीं हुआ। हालांकि लोग झांसे में नहीं आए।

दूसरे मामला:- छात्र शरद को निशाना बनाया गया। उसके मोबाइल पर एआई की मदद से तैयार की गई अश्लील तस्वीरें भेजकर इन्हें वायरल करने की धमकी दी गई और रुपए मांगे गए। रकम नहीं देने पर ठगों ने तस्वीरें वायरल कर दीं। इस घटना के बाद छात्र को करीब पांच दिन तक अपना मोबाइल बंद रखना पड़ा। यह मामला बताता है कि अब तकनीक का इस्तेमाल किसी की छवि खराब करने और मानसिक दबाव बनाकर वसूली करने में भी किया जा रहा है।

तीसरे मामला:- संतोष सिंह को ठगी के जाल में फंसाने की कोशिश हुई। ठग ने फोन कर कहा कि वह उनके खाते में 10 हजार रुपए भेज रहा है। इससे पहले आने वाला ओटीपी बताने को कहा। हालांकि संतोष ने खतरे को भांप लिया और ओटीपी देने से इनकार कर ठग को फटकार लगा दी। इस पर ठग अभद्र भाषा पर उतर आया।

हर दिन पहुंच रही शिकायतें, तरीके बदल रहे ठग

साइबर सेल में हर दिन ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतें पहुंच रही हैं। कुछ मामलों में पुलिस को सफलता भी मिल रही है, लेकिन ठग लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। कभी मोबाइल हैक कर परिचितों के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं तो कभी एआई से तैयार तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग की जा रही है। ऑनलाइन लेनदेन और डिजिटल संचार पर बढ़ती निर्भरता के बीच लोगों की एक छोटी सी चूक भी ठगों के लिए मौका बन रही है।

साइबर ठगों के इन तीन पैंतरों से रहें सावधान

  • किसी को भी मोबाइल पर आया ओटीपी न बताएं।
  • परिचित के सोशल मीडिया अकाउंट से रुपए मांगने पर दूसरे नंबर से पुष्टि करें।
  • मोबाइल अचानक बंद हो जाए तो दूसरे फोन से सिम और अकाउंट की स्थिति जांचें।
  • अश्लील तस्वीरों या वीडियो से ब्लैकमेल करने पर पैसे न दें, स्क्रीनशॉट और चैट सुरक्षित रखकर साइबर पुलिस को शिकायत करें
Updated on:
27 Nov 2026, 6:03 PM IST
Published on: