मुख्यमंत्री बोले, हबीबगंज स्टेशन के लिए रेलमंत्री से करेंगे चर्चा, भोपाल आएगा वाजपेयी का अस्थिकलश, सीएम नर्मदा में विसर्जित करेंगे अस्थियां
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि स्कूली पाठ्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी शामिल की जाएगी। विदिशा का मेडिकल कॉलेज भी वाजपेयी के नाम पर होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित हो रहे भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम अटल जी के नाम पर किए जाने के लिए रेल मंत्री से चर्चा करेंगे। शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर के गोरखी स्कूल को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केन्द्र के रूप में विकसित करेंगे। वाजपेयी यहां कक्षा 6 से 8 तक पढ़े थे। स्कूल में स्मार्ट क्लास रूम तैयार कर बच्चों को आधुनिक शिक्षा दी जाएगी। साथ ही अटलजी की स्मृति में म्यूजियम और प्लेनेटोरियम बनेगा, उनकी प्रतिमा भी लगाई जाएगी।
तीन पुरस्कारों का ऐलान
मुख्यमंत्री ने वाजपेयी के नाम पर प्रदेश सरकार की ओर से तीन पुरस्कार देने का ऐलान किया है। इनमें एक पुरस्कार उदीयमान कवि, दूसरा पुरस्कार पत्रकारिता के लिए और तीसरा पुरस्कार सुशासन के लिए किसी अधिकारी को दिया जाएगा। इनमें 5-5 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। यह पुरस्कार हर वर्ष दिए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी में बनेगी विश्वस्तरीय लाइब्रेरी
स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जा रहे भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और सतना में अटल जी के नाम पर विश्वस्तरीय लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। इन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में युवाओं को कोचिंग, शोध और सामाजिक चिंतन के केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी तरह स्मार्ट सिटी में बन रहे इनक्यूवेशन सेंटर्स का नाम भी अटल के नाम पर रखा जाएगा। इन सेंटरों पर मध्यप्रदेश के युवाओं को स्टार्टअप स्थापित करने की सुविधाएं मिलेंगी।
ये भी घोषणाएं
-श्रमिकों के लिए बन रहे श्रमोदय विद्यालय का नाम अटल जी के नाम पर होगा। भोपाल सहित चार जगह ये विद्यालय बन रहे हैं, इनमें से राजधानी का विद्यालय लगभग तैयार है।
-भोपाल में बनाए जा रहे ग्लोबल पार्क का नाम अब अटल के नाम पर होगा। भोपाल और ग्वालियर में उनके नाम पर स्मृति वन बनाए जाएंगे। इसके लिए सरकार जमीन तलाश रही है।
21 अगस्त को भोपाल में श्रद्धांजलि सभा
मुख्यमंत्री ने बताया, 20 अगस्त को वे दिल्ली में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। फिर 21 अगस्त को भोपाल के रवींद्र भवन में श्रद्धांजलि सभा होगी। अटल जी का अस्थिकलश भोपाल भी आएगा। 21 को उनकी अस्थियां नर्मदा में विसर्जित करने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं जाएंगे। 22 से 25 अगस्त के बीच सभी जिला मुख्यालय और 25 से 30 अगस्त के बीच सभी विकासखण्ड और ग्राम पंचायतों में भी श्रद्धांजलि सभा होगी।