भोपाल

एमपी में भीषण गर्मी का कहर, 45 डिग्री पार हुआ, अगले 4 दिन और बिगड़ेंगे हालात

Severe Heatwave : मौसम विभाग ने एमपी के लगभग आधे राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में राजगढ़ सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 45 डिग्री के पार निकल गया।
2 min read
Severe Heatwave
एमपी में भीषण गर्मी का कहर (Photo Source- Patrika)

Severe Heatwave :मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ये हैं कि, सूबे के कई जिलों में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मौजूदा अपडेट के अनुसार, प्रदेश के लगभग आधा हिस्सा लू की चपेट में है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 4 दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। इसी के साथ लोगों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घरों से बाहर न निकलने की अपील देते हुए ज्यादा से ज्यादा पानी समेत अन्य प्राकृतिक तरल पदार्थ पीने की सलाह दी है।

बीते 24 घंटों के दौरान रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी राजगढ़ जिले में पड़ी है। यहां का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश भर में सबसे अधिक रिकार्ड हुआ है। इसके अलावा सूबे के 11 जिलों में पारा 43 डिग्री और 4 जिलों में 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। राजधानी भोपाल स्थित राज्य मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आने वाले 4 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इन जिलों में लू का अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, आज सोमवार को सूबे के ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, जबलपुर, दमोह, छतरपुर, सतना, रीवा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर समेत कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि, संबंधित क्षेत्रों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से लेकर 44 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई है।

बड़े शहरों में तेज गर्मी

बताया ये भी जा रहा है कि, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। हालांकि कुछ जिलों में लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन वहां भी तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं।

16 शहरों में 43 डिग्री से ऊपर तापमान

रविवार को प्रदेश के 16 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। राजगढ़ के बाद रतलाम में 44.8 डिग्री, खंडवा में 44.5 डिग्री, नौगांव और खजुराहो में 44.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में भी तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच बना रहा।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि गर्मी का असर अभी कम होने की संभावना नहीं है।

Updated on:
18 May 2026 11:16 am
Published on:
18 May 2026 11:10 am