भोपाल

‘मेरे गुरुतुल्य थे सुंदरलाल पटवा’, जयंती पर भावुक हुए शिवराज; मोहन यादव ने सुनाया VIP रोड का किस्सा

Tributes: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की जयंती पर उन्हें याद कर रहे हैं नेता...। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीएम मोहन यादव ने बताए उनसे जुड़े किस्से...।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 11:58 AM IST
sunderlal patwa
sunderlal patwa- मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम सुंदरलाल पटवा की जयंती पर उन्हें याद किया जा रहा है। (फोटो-शिवराज सिंह चौहान एक्स)

Tributes: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की जयंती पर आज उन्हें पूरा प्रदेश याद कर रहा है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, एमपी के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव समेत अनेक नेताओं ने अपने-अपने अनुभव शेयर किए हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें गुरुतुल्य और मार्गदर्शक बताया है, वहीं सीएम डा. मोहन यादव ने उनके कार्यकाल में किए गए कार्यों को याद किया है।

मध्यप्रदेश में भाजपा के कद्दावर नेता माने जाने वाले पूर्व सीएम सुंदरलाल पटवा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि राजनीति में शुचिता में प्रतीक, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, हमारे मार्गदर्शक एवं प्रेरणा स्त्रोत, 'पद्म विभूषण' श्रद्धेय सुंदरलाल पटवा जी की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूँ।

शिवराज ने आगे लिखा है कि श्रद्धेय पटवा जी मेरे लिए गुरुतुल्य थे। उनका सारा जीवन भारत माता के चरणों की सेवा करते गुजरा है। जनसंघ और फिर भारतीय जनता पार्टी की जड़ें मध्यप्रदेश में जमाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा है। वह सही अर्थों में प्रदेश की जनता के दिलों पर राज करते थे, वे जन जन के नेता थे। उन्होंने अपने पैरों से अविभाजित प्रदेश को नापा था और पदयात्रा कर जनता को जोड़ा था। आज भाजपा का जो विराट स्वरूप दिखाई दे रहा है, इसमें श्रद्धेय पटवा का अतुलनीय योगदान है। अपनी दूरदर्शिता व अद्वितीय प्रशासकीय गुणों से मध्यप्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम आपने किया। यह मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे उनके मार्गदर्शन में साथ काम करने का अवसर प्राप्त हुआ। श्रद्धेय पटवा जी कुशल प्रशासक, दूरदर्शी और ईमानदार नेता के रूप में सदैव आमजन के हृदय में रहेंगे और अपने विचारों के माध्यम से हमें चिरकाल तक प्रेरित करेंगे।

भोपाल की वीआईपी रोड बनाने में योगदान दिया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने भी सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपनी भावनाएं व्यक्त की है। उन्होंने लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा जी से मेरा व्यक्तिगत परिचय रहा है। वे हमारे प्रदेश के अध्यक्ष भी रहे। एक कुशल संगठनकर्ता और प्रारंभिक दौर से ही विजय प्राप्त करने वाले विलक्षण व्यक्तित्व के धनी स्व. पटवा जी का जीवन हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने संगठन का संचालन भी पूरी आत्मीयता और समर्पण के साथ किया। वे बेहद सहज, सरल और मस्तमौला स्वभाव के व्यक्ति थे। वहीं, प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में भी उन्होंने अपने निर्णयों और कार्यशैली से विशिष्ट पहचान बनाई।

स्व. बाबूलाल गौर को वीआईपी रोड के निर्माण के लिए खुली छूट देने में स्व. पटवा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस प्रकार वीआईपी रोड के निर्माण में स्व. सुंदरलाल पटवा जी और स्व. बाबूलाल गौर जी की जोड़ी का बड़ा योगदान रहा। मैं आज स्व. श्री सुंदरलाल पटवा जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वास्तव में, हम सदैव स्व. पटवा जी का स्मरण करते हैं और उनके दिखाए जनसेवा एवं विकास के मार्ग पर हमारी सरकार दृढ़ता के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।

Updated on:
11 Nov 2026, 11:58 AM IST
Published on: