Shivraj Singh Chauhan- जन्मदिन के तोहफे के रूप में शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह या अन्य कोई उपहार नहीं मांगा बल्कि पौधरोपण करने की बात कही
Shivraj Singh Chauhan- एमपी के पूर्व सीएम व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान का आगामी 5 मार्च को जन्मदिन है। उनके परिजन, मित्र, समर्थक इस दिन को यादगार बनाने की तैयारी में लगे हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने जन्मदिवस के संबंध में बड़ी बात कही है। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट कर बाकायदा अपना बर्थ डे गिफ़्ट मांगा है। शिवराजसिंह चौहान Shivraj Singh Chauhan ने अपने जन्मदिन के तोहफे के रूप में शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह या अन्य कोई उपहार नहीं मांगा बल्कि पौधरोपण करने की बात कही है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि मेरे जन्मदिन पर प्रेम से एक पौधा लगाएं और उसका फोटो अपलोड कर दें या सीधे मुझे भेंट कर दें। इससे बड़ा उपहार और खुशी मेरे लिए दूसरी नहीं हो सकती।
बर्थडे गिफ़्ट के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा-
प्रिय बहनों-भाइयों और भांजे-भांजियों,
मानव जीवन अमूल्य है। इसका हर क्षण उद्देश्यपूर्ण होना चाहिए और हर अवसर को हम मानव जीवन की सार्थकता के लिए उपयोग करें। जन्मदिन वैसा ही एक अवसर है।
कई बार राजनीतिक क्षेत्र में काम करने के कारण, जन्मदिन पर शॉल, श्रीफल, उपहार, स्मृति चिन्ह स्नेही जन भेंट करते हैं। ये उनके स्नेह का प्रतीक है, लेकिन आप जानते हैं मेरा संकल्प है, पर्यावरण बचाना। उसके लिए मैं रोज़ पौधे लगाता हूँ, पेड़ लगाता हूं।
क्या ऐसा नहीं हो सकता कि जन्मदिन पर अगर आप स्नेह करते हैं, प्रेम करते हैं, आत्मीयता का भाव है, तो आप और कोई चीज न लाएं। न शॉल, न श्रीफल, न स्मृति चिन्ह, न उपहार। बस प्रेम से एक पेड़ लगाएं और उसका फोटो अपलोड कर दें, या मुझे भेंट कर दें। इससे बड़ा उपहार और खुशी मेरे लिए दूसरी हो नहीं सकती।
इसलिए, मेरे जन्मदिन पर कोई होर्डिंग नहीं, कोई उपहार नहीं। पेड़ लगाकर शुभकामना दें। और हां, अपने जन्मदिन पर भी पेड़ लगाने का संकल्प लें। बहुत-बहुत धन्यवाद।