
Shivraj Singh Chouhan Video: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का शनिवार को देवास दौरा विकास योजनाओं की समीक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके सहज और आत्मीय व्यवहार ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। रविवार तक उनके आत्मीय अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बता दें कि, देवास जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होने जाते समय भोपाल रोड स्थित जेतपुरा चौराहे पर उस समय भावुक पल बन गया, जब सडक़ किनारे रुकी एक स्कूल बस में बैठे बच्चों ने जोर-जोर से 'मामा…मामा…' कहकर उन्हें पुकारना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनते ही शिवराज सिंह चौहान ने अपना काफिला रुकवाया, वाहन से उतरकर सीधे बस के पास पहुंचे और नीचे खड़े होकर बच्चों से आत्मीय बातचीत की। जाते समय उन्होंने बच्चों को फ्लाइंग किस देकर उनका अभिवादन भी स्वीकार किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
बाद में केंद्रीय मंत्री(Shivraj Singh Chouhan Video) ने इस पल को सोशल मीडिया पर भी साझा करते हुए लिखा कि बच्चों की मुस्कान और उनकी निश्छल ऊर्जा जीवन में प्रेम, अपनापन और नई उम्मीद का संचार करती है। उनके साथ बिताया हर पल मन को निर्मल और हृदय को स्नेह से भर देता है।
भोपाल रोड से लेकर शहर तक विभिन्न स्थानों पर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया गया। कलेक्टर कार्यालय के सामने विधायक गायत्रीराजे पवार और विक्रमसिंह पवार के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में शिवराज सिंह चौहान ने देवास से अपने पुराने रिश्तों को याद किया। उन्होंने कहा कि, देवास बहुत दिनों बाद आया हूं। काम अब पूरे देश का है, लेकिन जहां भी रहता हूं, देवास की याद आती रहती है…तुमसे मिलने को जी करता है रे बाबा। उन्होंने स्वर्गीय तुकोजीराव पवार के साथ लंबे समय तक किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि देवास के विकास की जो यात्रा वर्षों पहले शुरू हुई थी, वह आज भी निरंतर जारी है। उन्होंने स्वयं को जनता का सेवक बताते हुए कहा कि विकास के महायज्ञ में जहां भी आवश्यकता होगी, वे अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
दिशा समिति की बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जिले के लिए वैज्ञानिक आधार पर कृषि रोडमैप तैयार किया गया है। इसमें मिट्टी की गुणवत्ता, जलवायु और जल उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए किसानों की आय बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई है। बैठक में इसका विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के साथ युवाओं के कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया गया है। जिले में स्किल डेवलपमेंट अभियान चलाकर युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में मूंग की खरीदी तेज गति से चल रही है। यदि आवश्यकता महसूस हुई तो खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। वहीं देवास शहर की लंबे समय से लंबित पैकी प्लॉट समस्या के संबंध में उन्होंने बताया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है और समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। देवास दौरे के दौरान विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ बच्चों के प्रति आत्मीयता और जनता से सहज संवाद ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के दौरे को एक अलग पहचान दी।